मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना से धनबाद बाहर, सांसद ढुलू महतो बोले- सबसे ज्यादा राजस्व के बावजूद हो रही अनदेखी
धनबाद को मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना से बाहर रखने पर सांसद ढुलू महतो ने नाराजगी जताई, कहा कि सर्वाधिक राजस्व के बावजूद अनदेखी हो रही है। ...और पढ़ें

धनबाद रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में भाग लेते सांसद ढुलू महतो, बीडी राम, चंद्रप्रकाश चौधरी, कालीचरण सिंह और अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद को मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना में शामिल करने की मांग।
सांसद ढुलू महतो ने सर्वाधिक राजस्व के बावजूद अनदेखी पर नाराजगी जताई।
धनबाद से दिल्ली ट्रेन को वैष्णोदेवी तक विस्तार करने का सुझाव।
जागरण संवाददाता, धनबाद। देशभर में मेगा कोचिंग टर्मिनल विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। आश्चर्य है कि पूर्व मध्य रेल ने अपने प्रस्ताव में धनबाद को शामिल नहीं किया। बिहार के जिन स्टेशन को सम्मिलित किया गया, उनकी तुलना में यात्री आय में धनबाद शीर्ष पर है। सर्वाधिक राजस्व के बाद भी धनबाद की अनदेखी ठीक नहीं। रेल प्रशासन इस विषय को प्राथमिकता के साथ रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाए। यह कहना था सांसद ढुलू महतो का।
वह डीआरएम कार्यालय में आयोजित मंडल संसदीय समिति की बैठक में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मेगा कोचिंग टर्मिनल प्लान में धनबाद को शामिल कर कंसेप्ट प्लान और फाइनल लोकेशन सर्वे की स्वीकृति के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। सांसद ने धनबाद से दिल्ली की ट्रेन को नियमित कर वैष्णोदेवी तक विस्तार का सुझाव दिया।
कहा कि ट्रेन को यात्रियों का शानदार रिस्पांस मिल रहा है। वर्तमान में पूरे झारखंड से वैष्णादेवी के लिए एक भी ट्रेन नहीं है। नई ट्रेन मिलने से धनबाद समेत राज्य के बड़े हिस्से के यात्रियों को सुविधा होगी। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सांसद विष्णु दयाल राम ने की। गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी व चतरा सांसद कालीचरण सिंह बैठक में उपस्थित हुए।
सांसदों ने नई ट्रेन, ट्रेनों का विस्तार, फेरे विस्तार समेत अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े सुझाव दिये। जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास तथा यात्री सुविधाओं में वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने की बातें कही। भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
खबरें और भी
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सुझावों पर पहल करने की बात कही। डीआरएम अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित थे।
इन्होंने भेजे प्रतिनिधि
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद मनीष जायसवाल, सांसद डा. राजेश मिश्र, सांसद डा. सरफराज अहमद, सांसद छोटे लाल, सांसद आदित्य प्रसाद के प्रतिनिधि मिल्टन पार्थसारथी, सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के प्रतिनिधि अरुण जोशी तथा सांसद महुआ माजी के प्रतिनिधि पहुंचे।
स्वर्णरेखा के समय में 122 मिनट तक कमी लाना संभव
धनबाद से आदित्यपुर के बीच चलने वाली स्वर्णरेखा एक्सप्रेस वर्तमान में 6 घंटे 35 मिनट का समय लेती है। समय सारिणी में बदलाव लाकर इसके समय में 122 मिनट तक कमी लाना संभव है। रेलवे धनबाद से आद्रा तक पुश पुल लोको सिस्टम से चलाए। इससे इंजन बदलने में लगने वाले समय की बचत होगी। यात्री कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
गोमो से जसीडीह को चलाएं मेमू, बेंगलुरु की ट्रेन को करें नियमित
धनबाद सांसद ने गोमो से जसीडीह के बीच धनबाद होकर मेमू ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। इसके साथ ही धनबाद-बेंगलुरु की ट्रेन को नियमित करने, धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस में समय में सुधार, धनबाद-चंद्रपुरा पैसेंजर को मेसरा तक विस्तार, हावड़ा-गया वंदे भारत का पटना तक विस्तार तथा धनबाद-पटना इंटरसिटी का कुमारधुबी में ठहराव शुरू करने की सिफारिश की।
अंडरपास में जलजमाव का तलाशें समाधान
गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रोड ओवरब्रिज-आरओबी परियोजनाओं में लेटलतीफी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को लटकाए रखना उचित नहीं है। धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग पर सोनारडीह में आरओबी का मुद़्दा उठाया। अंडरपास में जलजमाव को लेकर स्थायी समाधान ढूंढ़ने की बात कही।
सांसद ने गोमो में पूर्वा, जोधपुर जैसी ट्रेनों के ठहराव तथा धनबाद होकर गुजरने वाली दुर्गियाना, वनांचल, जालियांवाला बाग, सियालदह-आनंदविहार संपर्क क्रांति, हावड़ा-भोपाल जैसी ट्रेनों में आपात कोटा बहाल करने का सुझाव दिया। सांसद ने धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस का इंदौर तक विस्तार करने की भी सिफारिश की।
बोकारो-रांची पैसेंजर का धनबाद तक विस्तार, बेंगलुरु, पुणे की चलाएं ट्रेन
राज्यसभा सदस्य डा. प्रदीप वर्मा ने बोकारो-रांची पैसेंजर को धनबाद से चलाने, धनबाद से रांची के लिए फास्ट पैसेंजर, धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस को पुरी तक विस्तार के साथ धनबाद से पुणे, बेंगलुरु व हैदराबाद के लिए ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। बैठक में शामिल सांसद प्रतिनिधि अरूण जोशी ने बताया कि महाप्रबंधक ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।
अब तक 25 स्पेशल ट्रेनें नियमित, धनबाद-दिल्ली के लिए भी हो रहा प्रयास
पूर्व मध्य रेल की 25 स्पेशल ट्रेनें अब तक नियमित हो चुकी हैं। धनबाद से दिल्ली समेत अन्य स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का प्रयास जारी है। ट्रेनों को नियमित किये जाने से पहले पाथ और अन्य तकनीकी पहलुओं का ध्यान रखना पड़ता है। वैसी स्पेशल ट्रेनें जिनमें यात्रियों का रिस्पांस अच्छा है, उन्हें नियमित किया जाएगा।
यह जानकारी रेलवे की ओर से दी गई। ट्रेनों में पैंट्री कार जोड़ने के सुझाव पर कहा कि इससे यात्री कोच कम करना होगा, जिससे यात्रियों को परेशानी होगी। बताया गया कि यह नीतिगत निर्णय है, जो रेलवे बोर्ड स्तर पर ही लिया जा सकता है।