धनबाद में नकली पुलिस ने बुजुर्ग को बनाया शिकार, सोने की चेन-अंगूठी और ब्रेसलेट लेकर फरार
Dhanbad Fake Police Robbery: धनबाद में नकली पुलिसकर्मी बनकर दो बदमाशों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग विनोद गोस्वामी से सोने की ...और पढ़ें

धनबाद के बरटांड़ में नकली पुलिस ने की बुजुर्ग से सोने के जेवरात की ठगी। (फोटो एआइ)
HighLights
नकली पुलिसकर्मी बनकर दो बदमाशों ने की लूटपाट।
65 वर्षीय बुजुर्ग से सोने के आभूषण छीने गए।
बरटांड़ बस स्टैंड के पास हुई यह घटना।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर में पर्व-त्योहार के मौके पर पुलिस को चुस्त और सक्रिय रहना चाहिए, लेकिन यहां स्थिति इसके उलट है। पुलिस की अपेक्षा चोर-बदमाश अधिक सक्रिय नजर आ रहे हैं। अपराधी नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
बरटांड़ बस स्टैंड के पास दो उच्चकों ने नकली पुलिसकर्मी बनकर 65 वर्षीय बुजुर्ग को झांसे में लिया और उनकी सोने की चेन, अंगूठी व ब्रेसलेट लेकर फरार हो गए। जेवरात लेने के बाद दोनों शातिर बाइक से बरवाअड्डा की ओर भागे।
घटना को लेकर हावड़ा निवासी 65 वर्षीय विनोद गोस्वामी ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत की है। भुक्तभोगी विनोद गोस्वामी ने पुलिस को बताया है कि वह मंगलवार की शाम करीब 3:50 बजे बस स्टैंड के पास बस से उतरकर स्टेशन की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसवाला बताते हुए कहा कि वे जांच कर रहे हैं। युवकों ने बुजुर्ग से कहा कि इतना सोना पहन कर कहां जा रहे हैं, कोई छीन सकता है।
इसके बाद उन्होंने एक कागज निकालकर दिया और सोने के आभूषण उसमें रखकर बैग में रखने को कहा। इसी दौरान दोनों ने चालाकी से उनके सोने की चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट गायब कर दिए और बाइक से बरवाअड्डा की ओर भाग निकले।
कुछ देर बाद विनोद ने बैग की जांच की तो उसमें न कागज मिला और न ही आभूषण। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। स्थानीय लोगों की सलाह पर वह धनबाद थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।