होमगार्ड के लिए चयनित अभ्यर्थियों को धनबाद डीसी का भरोसा, जल्द पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
Dhanbad DC आदित्य रंजन ने होमगार्ड बहाली के चयनित अभ्यर्थियों को जल्द मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन शुरू होने का आश्वासन दिया है। ...और पढ़ें

होम गार्ड भर्ती अभ्यर्थियों के साथ धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद डीसी ने होमगार्ड अभ्यर्थियों को दिया आश्वासन।
मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन जल्द होगा शुरू।
राज्य सरकार को प्रक्रिया हेतु भेजा गया पत्र।
जागरण संवाददाता, धनबाद। होमगार्ड बहाली में चयनित अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने गुरुवार को चयनित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होगी।
डीसी ने बताया कि प्रक्रिया शुरू करने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजा जा चुका है। जैसे ही आदेश और तिथि तय होगी, सभी अभ्यर्थियों को सूचित कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य सरकार को भेजे गए पत्र की प्रति भी सौंपी। पत्र पढ़ने के बाद सभी सदस्य पूरी तरह आश्वस्त दिखे।
पारदर्शी तरीके से हुई थी परीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ने पूरी पारदर्शिता के साथ होमगार्ड बहाली की परीक्षा संपन्न कराई है। आगे की प्रक्रिया भी उसी पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी।
बिचौलियों से रहें दूर
डीसी आदित्य रंजन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं। अगर कोई पैसा लेकर काम कराने का प्रलोभन देता है तो सीधे उपायुक्त से संपर्क करें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने का भी अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में दीपा कुमारी, खुशबू कुमारी, विवेक दुबे और विवेक कुमार शामिल थे। डीसी से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बाहर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों को पूरी जानकारी दी। सभी ने उपायुक्त की बातों पर भरोसा जताया और संतुष्ट होकर समाहरणालय से लौटे।