गोमो ओवरब्रिज पर अवैध बालू ढुलाई बनी जानलेवा, राहगीर हो रहे दुर्घटना का शिकार
गोमो रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रैक्टरों से अवैध बालू ढुलाई से सड़क पर बालू गिरने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। ...और पढ़ें

गोमो ओवरब्रिज पर गिरी बालू। (फोटो: जागरण)
HighLights
ओवरब्रिज पर अवैध बालू ढुलाई से फिसलन बढ़ी।
सड़क पर बालू गिरने से दोपहिया वाहन फिसल रहे।
तोपचांची पुलिस की छूट से समस्या गंभीर हुई।
संस, जागरण, गोमो (धनबाद)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो जंक्शन के पूर्वी आउटर स्थित रेलवे फाटक के ऊपर बने ओवरब्रिज पर इन दिनों ट्रैक्टरों से हो रही अवैध बालू ढुलाई आम लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन गई है।
बालू लदे वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क पर लगातार बालू गिरने से पुल की सड़क फिसलन भरी हो गई है, जिससे राहगीर और दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। सोमवार सुबह तोपचांची से बाघमारा की ओर जा रहे एक बाइक चालक का वाहन बालू के कारण फिसल गया। हालांकि वह बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिहरपुर थाना पुलिस द्वारा पिछले दो माह से अवैध बालू कारोबार पर सख्ती बरती जा रही है और प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, लोगों का आरोप है कि तोपचांची थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई पर ढिलाई बरती जा रही है। इसी कारण ओवरब्रिज पर प्रतिदिन भारी मात्रा में ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई हो रही है। सड़क पर जगह-जगह बालू गिरने से सबसे अधिक दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
