धनबाद में 782 पदों पर बंपर भर्ती, आज रोजगार मेले में आठवीं पास से एमबीए तक को मिलेगा अवसर
धनबाद में शनिवार को 782 पदों के लिए रोजगार मेला आयोजित होगा, जिसमें आठवीं पास से एमबीए तक के अभ्यर्थी ...और पढ़ें

होम टाउन के साथ देश के विभिन्न शहरों में मिलेगा काम का अवसर।
HighLights
धनबाद में 782 पदों के लिए रोजगार मेला शनिवार को।
आठवीं पास से एमबीए तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन।
होमगार्ड अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन जारी, डीसी ने किया निरीक्षण।
जागरण संवाददाता, धनबाद। श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कुमारधुबी नियोजनालय परिसर में सुबह 10 से शाम चार बजे तक आयोजित मेले में 12 नियोजक शामिल होंगे।
पुरुषों के लिए 657 और महिलाओं का 125 पदों पर चयन किया जाएगा। शिक्षक से कूक तक के पदों पर होनेवाली बहाली के लिए आठवीं पास से एमबीए डिग्री धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा व हजारीबाग समेत ओडिशा, गुजरात, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हैदराबाद, बेंगलुरु जैसे शहरों में काम करने का अवसर मिलेगा। आठ हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन की नौकरी मिलेगी। अभ्यर्थी बायोडाटा, फोटो, प्रमाणपत्र, आधार व निबंधन कार्ड के साथ भाग ले सकेंगे।
इन पदों पर होगी बहाली
सभी विषयों के शिक्षक, पीईटी शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, सहायक शिक्षक, डिलिवरी बाय, कस्टमर रिलेशनशिप आफिसर, सेल्स एंड मार्केटिंग, हाउस कीपिंग, कूक, हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, मशीन आपरेटर, आटोमेटेड मशीन आपरेटर, आइटीआइ एमएफजी एंड फूड क्राफ्ट, बीमा सखी, रुरल करियर एजेंट, टैली अकाउंटेंट, टूल्स एंड मेंटेनेंस व सिक्योरिटी गार्ड।
आनेवाली कंपनी-संस्थान
स्वामी विवेकानंद स्कूल, लाेयला स्कूल, युक्ति इंफोसिस्टम, बिरसा सुपर सिक्योरिटी साल्युशन प्रा.लि., एलएंडटी कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, 2 काम्स कंसल्टिंग प्रा.लि., राजराय सिक्योरेक्स प्रा.लि., प्रेझा फाउंडेशन, एलआइसी आफ इंडिया, एक्सप्रेस एचआर साल्युशन जवाहरी सर्विसेज प्रा.लि., स्वतंत्र माइक्रोफिन लि.।
होमगार्ड अभ्यर्थियों के डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन कार्य का डीसी ने किया औचक निरीक्षण
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों के चल रहे मेडिकल जांच एवं मूल प्रमाण पत्रों के सत्यापन कार्य का गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने औचक निरीक्षण किया। सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की चार टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की शारीरिक व चिकित्सकीय जांच के लिए एक मेडिकल टीम भी तैनात है।
उपायुक्त रंजन ने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक, तकनीकी व आवासीय प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां एवं स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने दोहराया कि जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया है। ठीक उसी मानक के तहत मेडिकल और डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को भी पूर्ण कराया जाएगा ताकि केवल योग्य अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन सुनिश्चित हो सके।
