विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस में रात के दो बजे बजा फायर अलार्म, सामान छोड़ भागे यात्री

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:44 PM (IST)

Dhanbad LTT Express Fire: धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में देर रात करीब दो बजे फायर अलार्म बजने से यात्रियों में दहशत फैल गई।

जागरण संवाददाता, धनबाद।  रात को यात्री आराम से चैन की नींद ले रहे थे। ट्रेन सरपट भाग रही थी। अचानक फायर अलार्म बजने लगा और ट्रेन के पहिए थम गये। अलार्म की आवाज ने रात के सन्नाटे को चीर दिया।

आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ज्यादातर यात्री सामान छोड़ कर भागने लगे। वाकया धनबाद से लोकमान्य तिलक मुंबई जा रही एलटीटी एक्सप्रेस की है।

बताया कि 13379 धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में अचानक फायर अलार्म बजने लगा। थर्ड एसी में आटोमेटिक अनाउंसमेंट भी शुरू हो गया। इससे यात्रियों में दहशत भर गया और सामान छोड़ कर ज्यादातर यात्री इधर-उधर जाने लगे।

यात्रियों का कहना है कि काफी देर तक फायर अलार्म बजता रहा। बाद में रेल कर्मचारी आये और मामले की जानकारी ली। रेलवे की ओर से बताया गया कि किसी ने ट्रेन के टायलेट में सिगरेट जलाई थी। सिगरेट के धुएं के कारण फायर अलार्म बजा। एसीसीआइ स्टाफ ने मामले की जांच की और स्थिति साफ होने पर अलार्म बंद किया गया।

29 सितंबर की देर रात हुई घटना का वीडियो वायरल

29 सितंबर की देर रात हुई घटना का वीडियो वायरल हो गया है। एक मिनट 46 सेकंड के वीडियो में खाली थर्ड एसी कोच और परेशान यात्री दिख रहे हैं। वीडियाे में घटना धनबाद रेल मंडल के रांची रेल मंडल के होने का दावा किया गया है।

रांची रोड नहीं भुसावल में बजा था फायर अलार्म, रेलवे ने दी चेतावनी

धनबाद एलटीटी एक्सप्रेस में फायर अलार्म बजने के वीडियो वायरल होने की घटना पर रेलवे ने पहले टायलेट में किसी व्यक्ति के सिगरेट सुलगाने की वजह से अलार्म बजने की बात कही थी। बाद में इस मामले में रेलवे की ओर से विस्तृत बयान जारी किया गया है।

बताया गया है कि फायर स्मोक डिटेक्शन अलार्म धनबाद रेल मंडल के रांची रोड स्टेशन में नहीं बल्कि महाराष्ट्र के भुसावल स्टेशन के पास बजा था। आग नहीं लगी थी और ना ही यात्रियों में अफरा तफरी बची थी।

तय प्रक्रिया के अनुसार यात्रियों को आराम से बगल के कोच में ले जाया गया। ड्यूटी के दौरान मौजूद रेल कर्मचारियों ने सेफ्टी प्रोटोकाल के अनुसार अलर्ट पर कार्रवाई की। जरूरी जांच और कार्रवाई के बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से अपनी आगे की यात्रा पर निकल गई।

रेलवे का कहना है कि किसी इनफ्लुएंसर के ग्रुप ने इस घटना के बारे में गलत जानकारी पोस्ट की है जो चिंता की बात है। ऐसा लगता है कि पोस्ट करने की जल्दबाजी में घटना से जुड़ी बुनियादी बातों और कोच की मुख्य सेफ्टी सिस्टम के काम करने के तरीके की ठीक से जांच नहीं की गई।

सेफ्टी से जुड़ी घटनाओं की पब्लिक रिपोर्टिंग करते समय या पब्लिश करने से पहले तथ्यों की जांच करने की जिम्मेदारी होती है। गलत या गुमराह करने वाली रिपोर्टिंग से बेवजह घबराहट पैदा हो सकती है और आवश्यकता होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

शाम के बदले आज सुबह खुली एलटीटी- धनबाद एक्सप्रेस

लोकमान्य तिलक से धनबाद के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन बुधवार शाम के बदले 12 घंटे 20 मिनट लेट से गुरुवार की सुबह 5:15 पर रवाना हुई। देर से चलने से शुक्रवार सुबह आनेवाली ट्रेन के लेट आने की संभावना है।

सोमवार को धनबाद से लोकमान्य तिलक के लिए रवाना हुई ट्रेन मनमाड़ से कल्याण के बीच मार्ग परिवर्तन के कारण 14 घंटे से अधिक लेट से लोकमान्य तिलक पहुंची।

बुधवार दोपहर 1:40 के बदले गुरुवार सुबह 4:02 पर पहुंची। लेटलतीफी को लेकर रेलवे ने पहले लोकमान्य तिलक से तड़के तीन बजे खुलने की घोषणा की थी। बाद में सुबह 5:15 पर रवाना की गई।<br/>

यह भी पढ़ें- पूजा में रेल यात्रियों को राहत! कोलकाता-आलमनगर, रांची-अलीपुरद्वार और हावड़ा-खातीपुरा के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

यह भी पढ़ें- धनबाद होकर चलने वाली 2 साप्ताहिक ट्रेनें नहीं जाएंगी दुर्गापुर, अंडाल में होगा इंजन रिवर्सल