शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से धनबाद में ठगी, सिंदूरदान के बाद मारपीट कर मोबाइल-सामान छीना
राजस्थान से धनबाद शादी करने आए एक परिवार को ठगी और मारपीट का शिकार होना पड़ा। लड़की पक्ष ने शादी ...और पढ़ें

शादी के नाम पर ठगी की शिकायत लेकर बरवाअड्डा थाने में पहुंचा राजस्थान के अलवर का परिवार। (फोटो जागरण)
HighLights
राजस्थान से आए परिवार से शादी के नाम पर ठगी।
सिंदूरदान के बाद कपड़े खरीदवाकर मारपीट, मोबाइल छीना।
बरवाअड्डा पुलिस मामले की जांच कर रही, आरोपी फरार।
संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। राजस्थान से धनबाद में शादी करने आए एक परिवार के साथ ठगी और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने शादी का झांसा देकर उनसे रुपये ऐंठ लिए और बाद में मारपीट कर मोबाइल व सामान छीनकर फरार हो गए।
राजस्थान के अरवल जिला के बगडतराय गांव के रहने वाले श्याम अपने बेटे गुल्लू की शादी के सिलसिले में पत्नी गुड्डी और भाई (चाचा) रमेश के साथ बरवाअड्डा आए थे। मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव (टुंडी रोड, लोहार बरवा) की एक लड़की से जुड़ा है।
पिछले 10 दिनों से लड़की पक्ष से एक महिला फोन कर अपनी लड़की की शादी की बात कर रही थी। बात तय होने पर सोमवार को लड़का पक्ष बरवाअड्डा पहुंचा। पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाह तय होने के एवज में उन्होंने लड़की के परिजनों को 40 हजार रुपये फोन में ट्रांसफर करवाया।
इसके बाद एक स्थान पर रस्म के तहत सिंदूरदान भी संपन्न कराया गया। शादी की रस्मों के बाद लड़की पक्ष के लोग वर पक्ष को लेकर टुंडी रोड स्थित एक कपड़ा दुकान पहुंचे, जहां उनसे 23 हजार रुपये की खरीदारी कराई गई। खरीदारी पूरी होते ही लड़की पक्ष का व्यवहार अचानक बदल गया।
ठगों ने दूल्हे और उसके परिजनों को झांसा देकर एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उनके साथ जमकर मारपीट की गई और दूल्हे के पिता श्याम का मोबाइल छीन लिया गया। घटना के बाद भयभीत पीड़ित परिवार बरवाअड्डा थाना पहुंचा और अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़ित परिवार ने साक्ष्य के तौर पर उन्होंने कपड़ा दुकान से मिली 23 हजार रुपये की खरीदारी की रसीद भी पुलिस को दिखाई, जिस पर दुकान का नाम दर्ज है। बरवाअड्डा थाना की पुलिस खरीददारी के बिल और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामले की छानबीन और आरोपियों की तलाश कर रही है।
