facebook पर पीएम मोदी के साथ चंद्रशेखर अग्रवाल के फोटो को लेकर भाजपा विधायक ने साधा निशाना, मिला जवाब
धनबाद मेयर चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के फेसबुक प्रोफाइल पर पीएम मोदी की तस्वीर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा विधायक र ...और पढ़ें

फेसबुक प्रोफाइल पर चंद्रशेखर अग्रवाल की तस्वीर और विधायक राज सिन्हा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद नगर निगम के मेयर के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के फेसबुक प्रोफाइल (facebook profile) को लेकर धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने हमला बोला है। उन्होंने कहा है-चंद्रशेखर अग्रवाल चुनाव में नरेन्द्र मोदी के नाम का सहारा ले रहे हैं।
सिन्हा ने कहा है कि चंद्रशेखर अग्रवाल आज भी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। फेसबुक प्रोफाइल में नरेंद्र मोदी का फोटो लगाए हुए हैं। मोदी के नाम का सहारा ले रहे हैं। वह नरेन्द्र मोदी के काम को अपना बता रहे हैं।
मालूम हो कि चंद्रशेखर अग्रवाल उर्फ शेखर अग्रवाल पहले भाजपा में थे। वह दो फरवरी को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो में शामिल हो गए। झामुमो ने मेयर चुनाव में अग्रवाल का समर्थन किया है। शेखर धनबाद के निवर्तमान मेयर हैं।
अग्रवाल ने भाजपा से झामुमो में शामिल होने के बाद अपना फेसबुक प्रोफाइल अपडेट नहीं किया है। फेसबुक प्रोफाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ चंद्रशेखर अग्रवाल का फोटो है। इस फोटो को लेकर भाजपाई अग्रवाल पर निशाना साध रहे हैं।
खबरें और भी
भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा और सत्येंद्र मिश्रा ने भी कहा है कि शेखर अग्रवाल जानबूझकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और छवि का दुरुपयोग कर, उनके जनहित में किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि भोली-भाली जनता को भ्रमित कर चुनावी फायदा उठाया जा सके।
पूर्व मेयर बोले, मुद्दाविहीन पार्टी हो गई है बीजेपी
इस मामले को लेकर पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी पूरी तरह मुद्दाविहीन पार्टी हो गई है। उनके पास जनता से जुड़े मुद्दे हैं ही नहीं। फेसबुक प्रोफाइल में पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी दो प्रोफाइल है। एक प्रोफाइल में पहले से मोदी जी की तस्वीर लगी हुई है, उसे हटाना भूल गए हैं। इसमें कोई ऐसी बात नहीं है जिससे की राष्ट्रीय पार्टी के नेता मुद्दा बनाएं।
उन्होंने कहा कि उनकी एक प्रोफाइल ऐसी भी है जिसमें 65 हजार से अधिक फालोवर्स हैं, लेकिन उसमें उनकी खुद की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं के पास जनता के बीच जाने का न तो माद्दा है न ही मुद्दा। उन्होंने अपने दूसरे प्रोफाइल से पीएम की तस्वीर हटाने की बात भी कही।