विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुखाग्नि की कीमत 1.51 लाख! धनबाद के मोहलबनी मुक्तिधाम में मृतक के स्वजन और डोम राजा पक्ष के बीच जमकर मारपीट

Published: Mon, 31 Aug 2026 10:10 AM (IST)

Dhanbad News: मोहलबनी मुक्तिधाम में मुखाग्नि को लेकर मृतक के परिजनों और डोम पक्ष के बीच विवाद हो गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।

मारपीट के बाद चासनाला सीएचसी में घायलों का प्राथमिक इलाज। (फोटो जागरण)

मारपीट के बाद चासनाला सीएचसी में घायलों का प्राथमिक इलाज। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. मोहलबनी मुक्तिधाम में मुखाग्नि को लेकर विवाद।

  2. डोम पक्ष ने मांगे 1.51 लाख रुपये।

  3. विवाद में पांच लोग घायल, दो रेफर।

संवाद सूत्र, चासनाला (धनबाद)। मोहलबनी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान मुखाग्नि देने को लेकर मृतक के परिजनों व डोम राजा पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए।

घायलों को चासनाला सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उपेंद्र यादव व कुश कुमार को गंभीर चोट के कारण धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं सुखदेव यादव का दायां हाथ टूट गया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से सुदामडीह थाना में लिखित शिकायत देने की बात कही गई है।

जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के सीएफआरआइ फुटबाल ग्राउंड के समीप निवासी उपेंद्र यादव ने बताया कि उनके चाचा शिव दास यादव का निधन हो गया था। रविवार को परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए मोहलबनी मुक्तिधाम पहुंचे थे।

आरोप है कि वहां डोम राजा पक्ष की ओर से मुखाग्नि देने के एवज में एक लाख 51 हजार रुपए की मांग की गई। परिजनों ने इक्कीस सौ रुपए देने की बात कही। लेकिन डोम पक्ष एक लाख रुपए देने की मांग पर अड़ा रहा। उपेंद्र ने कहा कि परिवार के बुजुर्गों की सलाह पर बिना डोम से आग लिए मृतक के पुत्र ने मुखाग्नि देने की प्रक्रिया शुरू की।

इसी दौरान सुमित मांझी, सागर डोम, रंजन कुमार, अभिषेक कुमार ने इसका विरोध करते हुए मुखाग्नि रोक दी और मुक्तिधाम को अपना अधिकार क्षेत्र बताया। कुछ देर बाद 20 से अधिक लोग लाठी-डंडे व बांस लेकर वहां पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट में उपेंद्र यादव, कुश कुमार, मुखदेव यादव घायल हो गए। उपेंद्र ने बताया कि वह करीब आधे घंटे तक अचेत पड़े रहे।आरोप लगाया कि घटना की सूचना पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची व मामले की जानकारी ले रही थी। इसी दौरान पुलिस के सामने भी दोबारा मारपीट की गई। दूसरे पक्ष से गीता डोम व सागर डोम के घायल होने की बात सामने आई है।

मनमानी वसूली पर रोक लगाने की मांग

वार्ड 51 के पार्षद वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मोहलबनी मुक्तिधाम में डोम की मनमानी लगातार बढ़ रही है। अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों से मनमाने ढंग से राशि की मांग की जाती है। राशि नहीं देने पर गाली-गलौज व मारपीट तक की जाती है।

उन्होंने धनबाद नगर निगम के बोर्ड मिटिंग में महापौर व नगर आयुक्त से मांग की कि निगम की ओर से पूर्व की भांति निर्धारित शुल्क की तरह डोम के लिए भी उचित राशि तय कर रसीद की व्यवस्था की जाए। ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।