विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के छाताबाद में फिर धंसी धरती, विशाल गोफ के बाद दहशत में लोग

Published: Thu, 27 Aug 2026 01:52 PM (IST)

धनबाद के कतरास स्थित छाताबाद के काजू बागान के पास एक बार फिर जोरदार आवाज के साथ 15-20 फीट का ...और पढ़ें

छाताबाद में भू-धंसान के बाद तालाब के पानी को रोकने के लिए बांध बनाते बीसीसीएल के कर्मचारी। (फोटो जागरण)

छाताबाद में भू-धंसान के बाद तालाब के पानी को रोकने के लिए बांध बनाते बीसीसीएल के कर्मचारी। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. कतरास के छाताबाद में 15-20 फीट का नया गोफ बना।

  2. गोफ बनने से तालाब का पानी अंदर जाने लगा, दहशत फैली।

  3. प्रबंधन ने जेसीबी लगाकर पानी रोकने का कार्य शुरू किया।

संवाद सूत्र, कतरास (धनबाद)। झारखंड के धनबाद कोयलांचल में भू-धंसान की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। आए दिन कहीं न कहीं धरती फट रही है और धंस रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित काजू बागान के सतीबांध पांडेय तालाब के समीप बुधवार को एक बार फिर जोरदार आवाज के साथ गोफ बन गया और तालाब का पानी अंदर घुसने लगा, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई।

गोफ का दायरा करीब 15 से 20 फीट बताया जा रहा है। वहीं, काजू बागान से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर यह घटना घटी है, जहां करीब दो हजार से अधिक की आबादी निवास करती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने घटना की जानकारी कतरास थाना की पुलिस व गोविंदपुर क्षेत्रीय प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुर क्षेत्रीय व न्यू आकाशकिनारी कोलियरी प्रबंधन तथा कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सबसे पहले जेसीबी मशीन लगाकर तालाब का नाला  बंद किया गया।

वहीं गोफ से कुछ दूरी पर वैकल्पिक नाला बना कर पानी बहाया गया। स्थानीय लोगों का माने तो घटना करीब साढ़े तीन बजे की है। कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे कि तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ गोफ बन गया।

मवेशी इधर उधर भागने लगे। चरवाहा ने अपने अपने मवेशियों को हटा लिया। उसके बाद वे लोग चिल्लाने लगे जिसकी आवाज सुनकर वहां भीड़ जुट गई।

फिलहाल तालाब का पानी रोकने को लेकर बोरियो में बालू भरकर वहां बांध बनाया जा रहा है। जेसीबी मशीन से नाला बना कर तालाब का पानी को निकालने का कार्य किया जा रहा है।

डेढ़ वर्ष पूर्व घटनास्थल से 10 मीटर की दूरी पर गोफ बना था जिसमें बिजली का पोल समा गया था। जिसके बाद न्यू आकाशकिनारी कोलियरी प्रबंधन द्वारा आनन फानन में भराई करा दी गई थी।

मालूम हो कि छाताबाद के दूसरे छोर में सात जुलाई व सात अगस्त को भूधंसान की घटना हुई थी जिसमें करीब दो दर्जन आवास क्षतिग्रस्त हो गया था। कई मकान जमींदोज हो गया था। मौके पर एजीएम डीके सिंह, कोलियरी प्रबंधक अमित कुमार सेफ्टी आफिसर उपेंद्र कुमार मौके पर मौजूद हैं।