धनबाद में बैंक लूट की घटना के बाद जागी पुलिस, कतरास के सभी बैंकों में सघन चेकिंग; दो संदिग्ध हिरासत में
धनबाद में एक महिला कोलकर्मी से लूट की घटना के बाद कतरास पुलिस ने क्षेत्र के सभी प्रमुख बैंकों में सघन सुरक्षा अभियान चलाया। ...और पढ़ें

कतरास के सभी बैंकों में सघन चेकिंग
HighLights
कतरास पुलिस ने बैंकों में चलाया सघन सुरक्षा अभियान।
लूट की घटना के बाद पुलिस ने बढ़ाई चौकसी।
बैंक ऑफ इंडिया के पास से दो संदिग्ध पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, कतरास। वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देशानुसार कतरास पुलिस ने क्षेत्र के वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। पु.नि. सह थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कतरास बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बैंक आफ इंडिया सहित सभी प्रमुख बैंकों की घेराबंदी कर अचानक शटर गिरा दिया और भीतर मौजूद व्यक्तियों की बारीकी से जांच की। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।
सोमवार को हुई लूट के बाद पुलिस रेस
मालूम हो कि सोमवार को दिनदहाड़े महिला कोल कर्मी कलुआ कामीन से बाइक सवार अपराधियों ने करीब 49 हजार रुपए छीन लिए थे। महिला भारतीय स्टेट बैंक कतरास शाखा से रुपये की निकासी कर अपने घर जा रही थी, तभी अपराधियों ने पीछा कर घटना को अंजाम दिया था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस ने बैंकों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
पहचान पत्र की हुई जांच, बजाया गया इमरजेंसी अलार्म
चेकिंग के दौरान बैंक के भीतर उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र चेक किया गया और उनके बैंक आने के कारणों के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने स्वयं बैंकों के इमरजेंसी एलार्म सिस्टम को बजवाकर उसकी कार्यक्षमता की जांच की।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए शाखा प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
दो संदिग्ध हिरासत में, एटीएम के पास सघन तलाशी
जांच अभियान के दौरान बैंक आफ इंडिया शाखा के प्रवेश द्वार पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दो व्यक्तियों को पुलिस ने धर दबोचा। उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें कतरास थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
खबरें और भी
इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न एटीएम के आसपास बेवजह खड़े व्यक्तियों की भी सघन तलाशी ली और उन्हें सख्त हिदायत दी कि बिना किसी काम के बैंकों या एटीएम के पास जमावड़ा न लगाएं।