पुटकी बाजार में अकेला रोता मिला 3 साल का मासूम, पुलिस ने आधे घंटे में मां से मिलाया
धनबाद के पुटकी बाजार में अकेला रोता मिला तीन साल का मासूम, जिसे एक युवती ने संभाला और पुलिस को सूचना दी। ...और पढ़ें

पुटकी थाना की पुलिस की तत्परता से मां की गोद में पहुंचा बच्चा। (फोटो जागरण)
HighLights
पुटकी बाजार में 3 साल का मासूम अकेला मिला।
युवती की सूचना पर पुलिस ने बच्चे को संभाला।
पुलिस ने आधे घंटे में बच्चे को मां से मिलाया।
संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। बच्चे के लापता होने की खबर से पहले ही परिवार अनजान था, वहीं बाजार में अकेले रोते मिले मासूम को देखकर एक युवती ने उसे संभाला और करीब एक घंटे तक उसके स्वजन की तलाश करती रही।
सूचना मिलने पर पुटकी थाना की पुलिस भी सक्रिय हुई और महज आधे घंटे की मशक्कत में बच्चे के परिवार तक पहुंच गई। मां ने जैसे ही अपने जिगर के टुकड़े को सामने देखा, उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उसने मासूम को सीने से लगा लिया।
धनबाद जिले के पुटकी स्थित मछली बाजार के समीप करीब तीन साल का एक मासूम बच्चा शनिवार की शाम को अकेले रोते हुए घूमता मिला। बच्चे को रोता देख एक युवती उसे अपने साथ करीब एक घंटे तक रखते हुए उसके स्वजन का पता लगाने का प्रयास किया। जब स्वजन का पता नहीं चला तो पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन को इसकी सूचना दी।
पुटकी थाना के एएसआइ अभय कुमार, बसंत कुमार यादव बाजार पहुंचे। लोगों से पूछताछ कर बच्चे के स्वजन की तलाश शुरू की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस बच्चे के स्वजन तक पहुंच गई और उसे सकुशल उसकी मां को सौंप दिया।
खबरें और भी
बच्चे को देखते ही मां की आंखों से आंसू छलक पड़े। मां ने मासूम को सीने से लगा लिया। कुछ देर पहले तक जिस बच्चे के लापता होने की जानकारी परिवार को नहीं थी, उसे सकुशल सामने पाकर मां भावुक हो गई।
उसकी मां ने बताया कि उसका बेटा फेजन दोपहर को अपने मामा के साथ घर से बाजार गया था। उसे बच्चे के अलग होने की जानकारी नहीं थी। बच्चा पुटकी बाउरी बस्ती के समीप स्थित बीसीसीएल क्वार्टर में अपने मामा के यहां आया हुआ था।
बच्चे के लापता होने के बाद उसके मामा अपने घर में इसकी जानकारी नहीं दे खुद खोजबीन में जुट गया था। पुलिस ने पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी मां के सौंप दिया।