Dhanbad Chlorine Gas Leak Incident: पाइप काटते ही मौत! मुनीडीह सीपीपी में क्लोरीन गैस रिसाव से तीन चोरों की जान गई
Dhanbad Chlorine Gas Leak Incident: धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल के बंद पड़े सीपीपी में लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन गैस रिसाव से बड़ा हादसा हो गया। ...और पढ़ें

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज एंड अस्पताल में जुटे मृतकों के स्वजन।
HighLights
क्लोरीन गैस रिसाव से तीन चोरों की मौत हुई।
लोहा चोरी के दौरान गैस पाइप काटा गया।
सीआईएसएफ जवान और बीसीसीएल कर्मी भी बीमार।
संवाद सहयोगी, जागरण, पुटकी (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले में बीसीसीएल के मुनीडीह स्थित बंद पड़े सीपीपी (कैप्टिव पावर प्लांट) में लोहा चोरी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोहा काटने प्लांट में घुसे चोरों में तीन की क्लोरीन गैस की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं।

घटना की चपेट में आकर सीआईएसएफ के तीन जवान और बीसीसीएल का एक कर्मचारी भी बीमार हो गए। चारों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्लांट के पिछले हिस्से की टूटी चहारदीवारी के रास्ते करीब एक दर्जन चोर गैस कटर लेकर लोहा काटने अंदर घुसे थे। इसी दौरान उन्होंने क्लोरीन गैस की टंकी की पाइप काटने की कोशिश की। टंकी में क्लोनीर गैस भरी थी। रिसाव की चपेट में आकर कई चोर बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर अफरातफरी मच गई। रिसाव से प्रभावित लोगों का इलाज एसएनएमएमसीएच, धनबाद में चल रहा है। गैस रिसाव का प्रभाव घटनास्थल से दूर तक हुआ। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के तीन जवान और एक बीसीसीएल कर्मी भी चपेट में आ गए। चारों बेहोश होकर गिर पड़े।
इलाज के दौरान संजय यादव और मो. अजहरुद्दीन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति का शव मुनीडीह ओपी पुलिस ने सीपीपी परिसर के बाहर मैदान से बरामद किया। वहीं मो. अब्राहिम और मो. इमामुद्दीन का इलाज जारी है, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान केंदुआ निवासी संजय यादव, आनंद ताम्रकार उर्फ भोंदा तथा लोयाबाद निवासी मो. अजहरुद्दीन के रूप में हुई है।
खबरें और भी
इधर, प्लांट से करीब आधा किलोमीटर दूर दामोदर नदी स्थित पंप हाउस में रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे सीआईएसएफ के तीन जवान-दर्शन सिंह, बिपिन कुमार और ज्ञान सिंह-सहित बीसीसीएल कर्मी पुना बाउरी एवं आउटसोर्सिंग कर्मी दुनिया लाल सिंह भी गैस की चपेट में आने से बीमार पड़ गए। उनका इलाज बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में चल रहा है।
रविवार सुबह मुनीडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक अरिंदम मुस्तफी, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी बीएस वर्णवाल, सीपीपी प्रबंधन के अधिकारी, केंदुआडीह सर्किल इंस्पेक्टर जय प्रकाश महतो, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी तथा भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।