विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में धनबाद ने लगाई 11 पायदान की छलांग, देश के टाप 20 शहरों में शुमार

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:39 PM (IST)

धनबाद ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 18वां स्थान हासिल किया, जो पिछले वर्ष से 11 पायदान ऊपर है।

धनबाद की हवा हुई स्वच्छ। (फाइल फोटो)

धनबाद की हवा हुई स्वच्छ। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. धनबाद को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में 18वां स्थान मिला।

  2. पिछले वर्ष की तुलना में 11 पायदान की लंबी छलांग लगाई।

  3. वार्ड 15 को सबसे स्वच्छ वार्ड का पुरस्कार मिलेगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सोमवार को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 का परिणाम जारी कर दिया। इसमें 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में धनबाद देश में 18वें स्थान पर रहा।

रांची का अंतिम प्राप्तांक 162.5 रहा। वहीं बिहार की राजधानी पटना 16वें और झारखंड का धनबाद 18वें स्थान पर रहा। धनबाद ने 174.5 स्कोर प्राप्त कर इस श्रेणी में रांची और जमशेदपुर को भी पीछे छोड़ दिया। इस बार धनबाद ने 11 पायदान की छलांग लगाई है।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में धनबाद को 29वां स्थान मिला था। धनबाद की वायु में लगातार सुधार हो रहा है। इससे पहले 2024 में हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में धनबाद की 38वीं रैंकिंग थी। यह रैंकिंग शहरों में वायु प्रदूषण (विशेषकर पीएम 10) को कम करने के प्रयास, उनकी प्रभावशीलता, सड़क की धूल पर नियंत्रण और ठोस कचरा प्रबंधन के आधार पर तय की जाती है।

इस बार 10 लाख से अधिक आबादी वाले देश के 48 शहरों को एक श्रेणी में शामिल किया गया है। सर्वेक्षण में शहरों में वायु प्रदूषण कम करने के प्रयास, उनकी प्रभावशीलता और परिणामों का आकलन किया गया। वार्ड लेवल रैंकिंग की बात करें तो इस श्रेणी में दस हजार से अधिक आबादी में वार्ड में भूली क्षेत्र के वार्ड 15 को सबसे स्वच्छ चुना गया है।

इसे राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार मिलेगा। सर्वे में इस वार्ड को मजबूत लोक शिकायत तंत्र यानी लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के आधार पर चुना गया है। वार्ड का दस लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। यहां की वार्ड पार्षद रीमा सिंह हैं।

नगर निगम की सक्रियता से सुधारी वायु गुणवत्ता

वायु गुणवत्ता सुधार के उपायों के मूल्यांकन के लिए यह सर्वे नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत किया जाता है। धनबाद ने प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए नियमित पौधरोपण अभियान, प्रदूषण मानदंडों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई, पानी का छिड़काव, पेवर्स ब्लाक, नियमित साफ-सफाई और स्थानीय निकाय की ओर से शहर की रैंकिंग में सुधार में महत्वपूर्ण प्रस्तावित बिंदुओं पर सक्रियता बढ़ाई। इसका असर भी देखने को मिला।