धनबाद के बाघमारा में दर्दनाक हादसा, सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलते समय जहरीली गैस से मिस्त्री व मजदूर की मौत
धनबाद के बाघमारा में सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री और एक मजदूर की मौत हो गई। ...और पढ़ें

जहरीली गैस से बीमार मजदूर की अस्पातल में जानकारी लेती पुलिस।
HighLights
सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलते समय हादसा हुआ।
जहरीली गैस से राजमिस्त्री और मजदूर की मौत।
धनबाद के बाघमारा में हुई यह दर्दनाक घटना।
संवाद सहयोगी, भीमकनाली (धनबाद)। झारखंड के धनबाज जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के सादरियाडीह गांव में गुरुवार सुबह सेप्टिक टैंक की ढलाई का पटरा खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री तथा एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
घटना में दो मजदूरों की माैत के साथ ही एक अन्य व्यक्ति बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण उसकी जान गई। मृतकों में राजमिस्त्री दिलीप कुमार महतो तथा उसके सहयोगी राजेश कुमार उर्फ भोला महतो शामिल हैं। दोनों लोहापट्टी पंचायत के अंधारी गांव के रहने वाले थे।
ग्रामीणों के अनुसार सादरियाडीह निवासी सहदेव महतो के घर कुछ दिन पूर्व सेप्टिक टैंक का निर्माण कार्य हुआ था। उसकी ढलाई का पटरा खोलने के लिए गुरुवार सुबह दिलीप सेप्टिक टैंक के अंदर उतरा।
वह जैसे ही टैंक के अंदर गया, वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए उसका सहयोगी भोला महतो टैंक के अंदर उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।
दोनों को अंदर गिरा देख किशुन महतो रस्सी के सहारे टैंक के अंदर उतरा, लेकिन वह भी गैस से प्रभावित होकर बेहोश होने लगा। तभी बाहर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी के सहारे किशुन महतो को बाहर निकाल लिया।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दिलीप तथा भोला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बाघमारा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सीओ गिरजानंद किस्कू, थाना प्रभारी अजीत कुमार तथा सीएचसी प्रभारी डॉ. श्रीनाथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।