धनबाद के बाजार में चीनी की कीमत में गिरावट, फिर भी महंगी मिलेगी मिठाई; दुकानदारों ने बताई वजह
Sugar Price Drops: धनबाद में चीनी की कीमत में गिरावट के बावजूद रक्षाबंधन पर मिठाइयां महंगी मिल रही हैं। दुकानदारों ...और पढ़ें

चीनी के दाम में वृद्धि के कारण महंगी हुईं मिठाइयां (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चीनी की कीमत में दो रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज।
मिठाई दुकानदारों ने ऊंची दरों पर चीनी खरीदी थी पहले।
ड्राई फ्रूट्स, कारीगरों की मजदूरी बढ़ने से मिठाई महंगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। त्योहारी सीजन से पहले चीनी की महंगाई के कारण मची हाय-तौबा के बीच अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की सख्ती और 10 लाख टन कच्ची चीनी आयात करने के फैसले से चीनी के भाव नीचे आने लगे हैं। हालांकि, रक्षा बंधन पर मिठाई बाजार में इसका असर नहीं देखा जा रहा है। मिठाई दुकानदार महंगी चीनी का बहाना बनाकर मिठाइयां ऊंचे भाव पर बेच रहे हैं।
रक्षा बंधन पर जहां एक तरफ मिठाइयों की कीमतों में उछाल आया है, वहीं दूसरी तरफ चीनी के भाव में दो रुपये प्रति किलो की मामूली गिरावट हुई है। हालांकि, चीनी सस्ती होने के बावजूद उपभोक्ताओं को इस रक्षा बंधन पर महंगी मिठाइयां ही खरीदनी पड़ेंगी।
दुकानदारों ने 26 अगस्त से 30 अगस्त तक के लिए नया रेट चार्ट लागू कर दिया है। मिष्ठान विक्रेताओं का कहना है कि रक्षा बंधन के लिए मिठाइयां बनाने हेतु चीनी की खरीदारी पिछले सप्ताह ही कर ली गई थी, जब बाजार में चीनी 70 रुपये किलो के उच्चतम स्तर पर बिक रही थी।
चूंकि मिठाइयां ऊंचे दाम पर खरीदी गई चीनी से बनकर तैयार हुई हैं, इसलिए हालिया दो रुपये की गिरावट का फायदा रक्षाबंधन पर नहीं मिल सकेगा।
गणिनाथ मिठाई के सेल्स मैनेजर नाभिक कुमार ने बताया कि त्योहार के लिए 10 दिनों से चीनी के दामों में लगातार तेजी बनी हुई थी। महंगी दरों पर कच्चा माल खरीदने के कारण मिठाइयों के भाव में 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी 30 अगस्त तक के लिए लागू की गई है।
रक्षा बंधन बीतने के बाद जब बाजार से कम दरों पर चीनी की नई खरीदारी होगी, तब जाकर मिठाइयों की कीमतें फिर पुरानी और सस्ती दरों पर लाई जाएंगी।
वहीं, मधुलिका स्वीट्स के संचालक जयप्रकाश चौरसिया ने कहा कि सिर्फ चीनी ही नहीं, बल्कि ड्राई फ्रूट्स में काजू के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। पहले जो काजू 880 रुपये में मिलता था, वह अब 910 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। वहीं, 1030 रुपये में बिकने वाला काजू आज 1060 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
दुकान में अधिकतर मिठाइयां और शुगर-फ्री उत्पाद काजू व ड्राई फ्रूट्स से ही बनते हैं, इसलिए सात से 10 प्रतिशत तक मूल्य वृद्धि करना मजबूरी है। उन्होंने भी कहा कि रक्षाबंधन के बाद कच्चे माल की नई और सस्ती खरीदारी होते ही मिठाइयों के दाम कम कर दिए जाएंगे।
मनईटांड़ के थोक व्यापारी दीपक गुप्ता ने भी कहा कि त्योहार के समय कारीगरों की मजदूरी भी बढ़ जाती है। ऊंचे दामों पर चीनी और काजू की खरीदारी के बाद पुरानी दरों पर मिठाइयां बेचना संभव नहीं है, इसलिए 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। त्योहार खत्म होने और सस्ते दर पर चीनी व अन्य सामान उपलब्ध होते ही दरें फिर से सामान्य कर दी जाएंगी।
