विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में टेंडर विवाद में जमशेदपुर के ठेकेदार से मारपीट, पुलिस के सामने चले लात-घूंसे

Published: Wed, 02 Sep 2026 10:27 PM (IST)

धनबाद के भवन प्रमंडल कार्यालय में ढाई करोड़ के टेंडर को लेकर स्थानीय और जमशेदपुर के ठेकेदारों के बीच हिंसक झड़प हुई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. धनबाद में टेंडर विवाद ने लिया हिंसक रूप।

  2. स्थानीय और जमशेदपुर के ठेकेदारों में हुई मारपीट।

  3. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया, जांच टीम गठित।

जागरण संवाददाता, धनबाद। भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को टेंडर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब ढाई करोड़ रुपये के आनलाइन टेंडर के एग्रीमेंट को लेकर स्थानीय और जमशेदपुर  संवेदक (ठेकेदार) आपस में भिड़ गए।

पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है।

एग्रीमेंट के दौरान भड़की हिंसा

जानकारी के अनुसार, भवन प्रमंडल की ओर से ढाई करोड़ रुपये का आनलाइन टेंडर निकाला गया था। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर से आए संवेदक कागजी कार्रवाई और एग्रीमेंट के लिए कार्यालय पहुंचे थे।

जैसे ही स्थानीय संवेदकों को इसकी भनक लगी, उन्होंने बाहरी ठेकेदारों का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

रोजी-रोटी का हवाला दे रहे स्थानीय ठेकेदार

स्थानीय संवेदकों का आरोप है कि धनबाद के विभाग से 50 से अधिक ठेकेदार जुड़े हैं, जिन्हें सालभर पर्याप्त काम नहीं मिल पाता है। ऐसे में जमशेदपुर जैसे बाहरी जिलों के संवेदकों को यहां काम देना स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी पर लात मारने जैसा है। इसी हक की लड़ाई को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।

पांच सदस्यीय टीम करेगी जांच

भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि कार्यालय परिसर में हुई यह घटना बेहद गंभीर है। मामले की तह तक जाने और विवाद के असली कारणों का पता लगाने के लिए पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।