Dhanbad News: मुराईडीह परियोजना में ग्रामीणों ने रोका ब्लास्टिंग का काम, बैरंग लौटी प्रबंधन टीम
धनबाद के बरोरा स्थित मुराईडीह परियोजना में बुधवार को ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग का विरोध किया। मंडल केंआडीह बस्ती के पास हो रही ब्लास्टिंग को ग्रामीणों न ...और पढ़ें

मुराईडीह परियोजना। फोटो जागरण
HighLights
ग्रामीणों ने मुराईडीह परियोजना में ब्लास्टिंग का विरोध किया।
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मुआवजे की मांग मुख्य कारण।
विरोध के कारण प्रबंधकीय टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
संवाद सहयोगी, बरोरा। मंडल केंआडीह बस्ती के समीप मुराईडीह परियोजना पैच पर बुधवार सुबह ब्लास्टिंग के लिए पहुंचे, बीसीसीएल अधिकारी, आउटसोर्सिंग कंपनी संजय उद्योग के कर्मचारी एवं सीआईएसएफ के जवानों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
विरोध के कारण ब्लास्टिंग कार्य नहीं हो सका और प्रबंधकीय टीम को बैरंग लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि मुराईडीह परियोजना प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी संजय उद्योग वर्षों से मंडल केंदुआडीह बस्ती के लोगों को परेशान कर रही है।
बिना नियोजन और मुआवजा दिए जबरन खनन कार्य कराया जा रहा है। बस्ती के काफी नजदीक हैवी ब्लास्टिंग किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को जान-माल की क्षति का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि डीजीएमएस के नियमों के अनुसार, किसी भी बस्ती से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ब्लास्टिंग की जानी चाहिए, जबकि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा मात्र 50 से 60 मीटर की दूरी पर ब्लास्टिंग के लिए होल किये जा रहे हैं।
इससे पूर्व भी कई बार ब्लास्टिंग की जा चुकी है। जिससे गांव के कई मकानों में दरारें पड़ गई हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रबंधन अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
मामले की जानकारी स्थानीय बरोरा थाना की पुलिस को भी कई बार किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार विरोध के बावजूद बीसीसीएल प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी गैर-कानूनी तरीके से खनन कार्य जारी रखना चाहती है।
विरोध प्रदर्शन में डोली चौहान, बाबू गोप, बच्चू कुमार, मधु दास, बीरू चौहान, कार्तिक बाउरी, मानिक चंद भूइयां, बैजनाथ दास, अशोक चौहान आदि शामिल थे। मालूम हो कि मंडल केंदुआडीह के ग्रामीण वर्षों से विस्थापन और पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इस मुद्दे को लेकर पूर्व में कई बार हिंसक झड़पें भी हो चुकी हैं।