प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: धनबाद के मुनीडीह में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप
Dhanbad News: मुनीडीह ओपी के गोपीनाथडीह में 32 वर्षीय विशु बाउरी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप उसकी पत्नी और नाबालिग बेटे पर लगा है। ...और पढ़ें

मृतक विशु के स्वजन पुलिस के समक्ष न्याय की गुहार लगाते हुए। (फोटो जागरण)
संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। मुनीडीह ओपी के गोपीनाथडीह बाउरी बस्ती में एक दुखद घटना सामने आई है। 18 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह करने वाले दंपती के बीच लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद ने मंगलवार को एक गंभीर मोड़ लिया। 32 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर विशु बाउरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
विशु के परिवार के लोगों ने उसकी पत्नी और नाबालिग पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में प्रयुक्त सामानों को जब्त किया है।
विशु का शव उसके घर के कमरे में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने जांच में पाया कि उसके शरीर पर गंभीर जख्म के निशान हैं। मौके से लोहे की रड, ईंट, लकड़ी के डंडे के टुकड़े और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। उसकी पत्नी पूनम देवी और नाबालिग पुत्र शव के पास रोते हुए मिले।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जब पुलिस आरोपितों को लेकर घर से निकल रही थी, तब आक्रोशित स्वजन ने उनकी पिटाई करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर थाना ले गई।
पूर्व मुखिया विजेंद्र पासवान, मुखिया प्रतिनिधि इंद्रजीत महतो और अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। विशु के परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। पत्नी और बड़ा पुत्र पुलिस हिरासत में हैं, जबकि छोटा पुत्र घटना के बाद से लापता है।
विशु के छोटे भाई क्रांति बाउरी और अन्य स्वजन ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पूनम और विशु के बीच झगड़े होते रहे हैं। जब परिवार के लोग समझाने आते थे, तो पूनम उनके खिलाफ महिला थाना में शिकायत कर देती थी, जिससे रिश्तेदारों का आना-जाना बंद हो गया था।
सोमवार की शाम को विशु काम से लौटने के बाद आंगन में बैठा था। पत्नी और नाबालिग पुत्र ने शराब पीकर आने की बात को लेकर उसकी पिटाई की। नाबालिग पुत्र ने विशु को घर के अंदर ले जाकर देर रात तक उसकी पिटाई की। सुबह उसने स्वजन को विशु की मौत की जानकारी दी।
विशु की बहन जोया देवी ने बताया कि विशु ने 18 वर्ष पूर्व पूनम देवी से प्रेम विवाह किया था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाद और मारपीट होती रही। क्रांति ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पत्नी पूनम देवी और नाबालिग पुत्र के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि घटना के समय सास-ससुर भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया, जिससे उनकी भी भागीदारी का संदेह उत्पन्न होता है।
गोपीनाथडीह बाउरी बस्ती में इस मामले में पत्नी और पुत्र को हिरासत में लिया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनीता कुमारी, प्रभारी, मुनीडीह ओपी