Dhanbad-LTT Express: धनबाद में ट्रेन लॉन्च बना राजनीतिक मंच, मेयर संजीव सिंह को साइडलाइन कर सांसद ने दिखाई हरी झंडी
Dhanbad BJP Politics: धनबाद-एलटीटी साप्ताहिक ट्रेन के उद्घाटन समारोह में राजनीतिक खींचतान देखने को मिली। सांसद ढुलू महतो ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, मेयर संजीव सिंह और कुछ विधायकों को कार्यक्रम से दरकिनार कर दिया गया।

धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़कर झंडी दिखाते सांसद ढुलू महतो।
HighLights
सांसद ढुलू महतो ने ट्रेन लॉन्च पर अपनी पकड़ दिखाई।
मेयर संजीव सिंह और विधायक राज सिन्हा को दरकिनार किया गया।
यह घटना धनबाद भाजपा की अंदरूनी राजनीति उजागर करती है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Jharkhand BJP Politics: यूं तो मौका धनबाद से मुंबई के बीच चलने वाली धनबाद-एलटीटी साप्ताहिक ट्रेन के शुभारंभ का था, लेकिन कार्यक्रम में जमकर राजनीति भी हुई। धनबाद रेलवे स्टेशन पर हुई इस गतिविधि के माध्यम से सांसद ढुलू महतो Dhanbad MP Dhulu Mahto ने अपनी पकड़ मजबूत दिखाने की कोशिश की। संकेत साफ था कि धनबाद भाजपा की राजनीति में उन्हीं की चलेगी।

धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के लिए साप्ताहिक ट्रेन का उद्घाटन सोमवार रात किया गया। सांसद ढुलू महतो लाव-लश्कर के साथ पहुंचे और प्लेटफॉर्म संख्या आठ से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन खुलने से पहले वे इंजन पर भी सवार हुए और चालकों का स्वागत किया।

Mumbai से वापसी में यह साप्ताहिक ट्रेन आठ अप्रैल से चलेगी। इस सेवा से धनबाद, बोकारो समेत झारखंड के गढ़वा तक के यात्रियों को मुंबई जाने में सुविधा होगी। यह ट्रेन पहले स्पेशल के रूप में चलती थी, जिसे अब नियमित कर दिया गया है।
जनवरी में हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत, फरवरी में धनबाद-भोपाल और मार्च में धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस के बाद अब धनबाद से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिल गई है। जल्द ही धनबाद होकर रक्सौल से तिरुपति के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन भी शुरू होने की संभावना है।
नई ट्रेन से कतरास पहुंचे सांसद
ट्रेन को रवाना करने के बाद सांसद ढुलू महतो खुद उसी ट्रेन से धनबाद से कतरास तक गए। कतरास स्टेशन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

मेयर और विधायक का नाम बैनर से हटाया गया
कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर में सांसद के साथ मेयर संजीव सिंह Dhanbad Mayor Sanjeev Singh , विधायक राज सिन्हा Dhanbad MLA Raj Sinha और झरिया विधायक रागिनी सिंह Jharia MLA Ragini Singh के नाम भी थे। हालांकि सांसद के पहुंचने पर बैनर बदल दिया गया और नए बैनर में केवल सांसद और स्थानीय विधायक का नाम ही रखा गया।
भाजपा विधायक राज सिन्हा भी नहीं पहुंचे
उद्घाटन समारोह में धनबाद के विधायक राज सिन्हा शामिल नहीं हुए। माना जाता है कि सांसद और विधायक के बीच संबंध ठीक नहीं हैं। इससे पहले भी एक कार्यक्रम में दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। राजनीतिक कारणों से ही उनके नहीं आने की चर्चा है।
केंद्र में सरकार का असर
चूंकि केंद्र में भाजपा BJP की सरकार है। ढूलू महतो भाजपा के सांसद हैं। रेलवे केंद्र सरकार के तहत आता है। इसलिए धनबाद रेल मंडल प्रबंधन सांसद की ही बात सुनेगा। माना जा रहा है कि इसी कारण रेलवे ने धनबाद के मेयर और उनकी पत्नी को आमंत्रित करने के बाद आमंत्रण रद किया होगा।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आमंत्रण सूची से अंतिम समय में मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह का नाम हटाया जाना मेयर चुनाव की राजनीति का असर है। संजीव सिंह ने भाजपा से अलग होकर चुनाव जीता था। चुनाव के दौरान सांसद ढुलू महतो और संजीव सिंह के बीच तीखी बयानबाजी भी हुई थी। अब माना जा रहा है कि इसी कारण उन्हें पार्टी का समर्थन नहीं मिल रहा है।
