ढुल्लू महतो का बड़ा आरोप, MLA अरूप चटर्जी ने कमीशन के लिए निरसा एलिवेटेड रोड का काम रोका, सरकार की हो रही बदनामी
Dhanbad News: सांसद ढुलू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर कमीशन के लिए एलिवेटेड रोड निर्माण रोकने का आरोप लगाया है, जिससे हेमंत सोरेन सरकार की बदना ...और पढ़ें

सभा को संबोधित करते सांसद ढुलू महतो। (फोटो जागरण)
HighLights
सांसद ढुलू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाए।
कमीशन के लिए निरसा में एलिवेटेड रोड का काम रोका गया।
विकास विरोधी मानसिकता वाले लोग निरसा का विकास नहीं चाहते।
संवाद सहयोगी, निरसा/मुगमा (धनबाद)। सांसद ढुलू महतो ने निरसा के विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि चटर्जी ने कमीशन के लिए निरसा में एलिवेटेड रोड निर्माण का काम बंद कर रखा है। इससे हेमंत सोरेन सरकार की भी बदनामी हो रही है। मुख्यमंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए।
भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी द्वारा निरसा में एलिवेटेड रोड का निर्माण बंद कराने के बाद धनबाद के सांसद ढुलू महतो काफी आक्रामक हैं। उन्होंने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसके बाद से दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दाैर चल रहा है।
विधायक को एक्सपोज करने के लिए बुधवार को भाजपा सांसद ने निरसा में पदयात्रा और सभा की। सभा को संबोधित करते हुए ढुलू ने कहा-अरुप चटर्जी कहते हैं कि एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए लड़ाई हमने लड़ी है। हमारे प्रयास से निर्माण हो रहा है। मैं पूछता हूं-आज जब एलिवेटेड रोड का निर्माण होने जा रहा है तो अरूप विरोध क्यों कर रहे हैं? इस सवाल का सांसद ने खुद जवाब देते हुए कहा-कमीशन के लिए अरूप चटर्जी विरोध कर रहे हैं।
सांसद ने की बलियापुर विधायक की प्रशंसा
उन्होंने कहा-गोविंदपुर में अरूप की पार्टी भाकपा माले के विधायक हैं फिर वहां का विधायक एलिवेटेड रोड का विरोध क्यों नहीं कर रहे? इसलिए क्योंकि सिंदरी का विधायक बलियापुर का रहने वाला है और निरसा का विधायक पश्चिम बंगाल का। लाल पार्टी करने वाले बंगाल के लोग झारखंड एवं गरीब का दर्द क्या जानेंगे। बलियापुर का रहने वाला सीधा-साधा आदमी है।
खबरें और भी
सांसद ने कहा कि भाजपा जात पात, क्षेत्रवाद नहीं बल्कि राष्ट्रवाद की राजनीति करती है। विकास का जो भी दुश्मन होगा वह मेरा सबसे बड़ा दुश्मन होगा। जो भारत माता की जय कहने से कतराता हो वह कभी राष्ट्रवाद की बात नहीं कर सकता।
विकास विरोधी मानसिकता के सभी लोग एक मंच पर
उन्होंने कहा कि विकास विरोधी मानसिकता वाले सभी एक मंच पर आ गए हैं। वे नहीं चाहते कि निरसा एवं धनबाद का विकास हो। ममता बनर्जी की मानसिकता वाले लोगों के लिए निरसा एवं झारखंड में कोई स्थान नहीं है। विधायक अरूप चटर्जी एवं उनके पिताजी ने यदि निरसा के विकास का कोई कार्य किया हो तो विधायक श्वेत पत्र जारी करें।
सरकार में रहकर सरकार का विरोध
अरूप चटर्जी जैसे विधायक पर सीएम हेमंत सोरेन को चिंतन करने की जरूरत है, जो खुलेआम कहता है कि सीएम मैनेज होते हैं। इसलिये पैसे वाले लोग एवं ढुल्लू कुछ भी कर सकते हैं, कोई कुछ नहीं कर सकता है। ढुल्लू महतो ने कहा कि लाल झंडा के शासनकाल में हत्या, लूट खसोट के साथ साथ कल कारखाने बंद हुए हैं। जनता इनसे त्रस्त है।
बगैर अनुमति के कैसे हुई रैली एवं सभा
सांसद ढुलू महतो ने भाकपा (माले) को रैली की अनुमति नहीं देने के लिये जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। अनुमति नहीं दिए जाने के बावजदू भाकपा माले द्वारा जुलूस और जनसभा करने पर नाराजगी दिखाई। कहा कि प्रशासन को इसपर रोक लगानी चाहिये थी। आखिर किस ताकत के संरक्षण में अनुमति नहीं देने पर भी कार्यक्रम हुआ यह बड़ा सवाल है। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिये। तभी जनता को लगेगा कि कानून सबके लिए बराबर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार एवं संचालन जिला मंत्री संजय महतो ने किया। कार्यक्रम को निताई राजवार, पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, ज्ञान रंजन सिंहा, मन्नू तिवारी, प्रशांत बनर्जी, संजय सिंह पिंटू , मधुरेन्द्र गोस्वामी, बाम्पी चक्रवर्ती, डब्लू बाउरी, गोपाल राय, दीपा दास, धीरज मिश्रा इत्यादि में भी किया।