यूनियन नेताओं के दबाव में टूटी ईसीएल की महिला डॉक्टर, आत्महत्या के लिए उठाया खौफनाक कदम
ECL Doctor Attempts Suicideः ईसीएल मुगमा क्षेत्र की कुमारधुबी कोलियरी की महिला डॉक्टर कल्याणी मंडल ने शनिवार शाम अपने आवास पर दवा का ओवरडोज लेकर आत्मह ...और पढ़ें

दवा का ओवरडोज खाकर महिला डाक्टर ने जान देने की कोशिश की। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
ईसीएल महिला डॉक्टर ने दवा ओवरडोज से आत्महत्या का प्रयास किया।
यूनियन नेताओं पर दबाव बनाने और चेंबर बंद करने का आरोप।
डॉक्टर की हालत में सुधार, दुर्गापुर अस्पताल में इलाज जारी।
संवाद सूत्र, जागरण, चिरकुंडा (धनबाद)। ECL Doctor Attempts Suicideः ईसीएल मुगमा क्षेत्र की कुमारधुबी कोलियरी के डिस्पेंसरी में पदस्थापित 31 वर्षीय महिला डाक्टर कल्याणी मंडल ने शनिवार की शाम को गोपालपुरा कालोनी स्थित अपने आवास में दवा का ओवरडोज खाकर जान देने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर उसे ईसीएल के सांकतोड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे दुर्गापुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अभी उसकी स्थिति में सुधार है।
यह है मामला
कुछ लोगों ने बताया कि शनिवार को कुमारधुबी कोलियरी स्थित डिस्पेंसरी में एक यूनियन के नेता अपने दो-चार साथियों के साथ डा. कल्याणी मंडल से मिलने गए थे। वे लोग उससे जबरन किसी कागजात पर हस्ताक्षर करवाना चाह रहे थे। लेकिन कल्याणी ने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।

इससे नाराज होकर यूनियन नेता ने डा. कल्याणी के चेंबर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। कुछ देर के बाद दरवाजा खोला गया तो डा. कल्याणी वहां से निकलकर गोपालपुरा कालोनी स्थित अपने आवास पहुंची। उसने अपनी मां व पुत्री को आवास से बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर जान देने के उद्देश्य से दवा का ओवरडोज खा ली। इसके बाद स्वजनों व स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी जीएम के पीओ अमित कुमार को दी।
पीओ ने ईसीएल के सुरक्षाकर्मियों से घर का दरवाजा तुड़वाया और डा. कल्याणी को बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए ईसीएल के सांकतोड़िया अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे दुर्गापुर अस्पताल भेज दिया गया।
इस संबंध में ईसीएल मुगमा एरिया के जीएम राजकिशोर सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद है या कोई और मामला, इसकी पूरी जानकारी मुझे नहीं है। डा. कल्याणी मंडल के अस्पताल से लौटने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा। फिलहाल उसकी स्थिति ठीक है।
यूनियन नेताओं ने की घटना की निंदा
विभिन्न श्रम संगठन के यूनियन नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। कहा कि इस तरह से एक महिला चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार करना ठीक नहीं है। इस संबंध में सोमवार को सारे श्रम संगठन के लोग जीएम से मिलकर इस संबंंध में वार्ता करेंगे।