मारेंगे तो हम ही... विधायक अरूप चटर्जी को दुबई से गैंगस्टर प्रिंस खान की धमकी, WhatsApp पर भेजा फायरिंग का VIDEO
गैंगस्टर प्रिंस खान ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी है, जिसमें कोयला रंगदारी की मांग की गई है। ...और पढ़ें

बदमाश प्रिंस खान और निरसा के विधायक अरूप चटर्जी। (फाइल फोटो)
HighLights
निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान ने जान से मारने की धमकी।
व्हाट्सएप संदेशों, वॉयस नोट, वीडियो से दी गई रंगदारी की धमकी।
विधायक ने धनबाद पुलिस को सूचित किया, लौटने पर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।
जागरण संवाददाता, धनबाद। वासेपुर का भगोड़ा बदमाश प्रिंस खान धनबाद पुलिस के लिए लगातार चुनाैती बना हुआ है। पहले उसने धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को चुनाैती दी। यह मामला शांत हुआ था कि अब भाकपा माले के निरसा से विधायक अरूप चटर्जी को धमकी दी है। इस धमकी को धनबाद के सांसद ढुलू महतो और निरसा के विधायक अरूप चटर्जी के बीच चल रही बयानबाजी के एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगेस्टर प्रिंस खान की धमकी मिली है। धमकी के माध्यम से कोयला की रंगदारी देने और न देने पर हत्या करने की चेतावनी दी गई है। निरसा विधायक चटर्जी ने मामले को लेकर धनबाद पुलिस को अवगत करा दिया है। धमकी व्हाट्सएप पर लिखित संदेश, वॉयस मैसेज और वीडियो मैसेज के माध्यम से भेजी गई है।
विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप के माध्यम से लिखित धमकी दी गई है। मैसेज में लिखा है, सुन ले अरूप चटर्जी, मैं दुबई से प्रिंस खान बोल रहा हूं। हमको भी पैसा चाहिए। नहीं तो दोबारा कॉल या मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटे में रिजल्ट देंगे। और सुन, कोयला का काम कैसा चल रहा है?
यह भी पढ़ें- धनबाद पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया प्रिंस खान, वीडियो जारी कर SSP प्रभात कुमार को दी धमकी; बाबूलाल ने CM को लिखा पत्र
इसके अलावा भेजे गए ऑडियो मैसेज में कहा गया है, प्रशासन की मदद लो, नंबर बंद कर दो या ब्लॉक कर दो, इससे तुम मरेगा नहीं, जिंदा रहेगा। मारेंगे तो हम ही। क्लियर बोल देना, देना है कि नहीं देना है। नंबर ब्लॉक मत करना। नहीं देना है तो बोल देना, रिजल्ट देंगे। कम-बेसी करके मैनेज करो और मामला खत्म करो। विधायक को प्रिंस खान ने एक चार सेकेंड का वीडियो भेजा है। इस वीडियो में एक पिस्टल दिख रही है और इससे फायर किया गया है।
खबरें और भी
शहर से बाहर विधायक
विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि पहले दो बार फोन काल आया था। जब उन्होंने फोन काल नहीं उठाया तो फिर मैसेज और वीडियो आया। उन्होंने बताया कि फिलहाल वे शहर से बाहर हैं। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वे धनबाद आने के बाद मामले को लेकर प्राथमिकी कराएंगे।
अरूप ने कही थी सांसद और प्रिंस खान में दोस्ती की बात
पिछले दिनों निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद परिसदन में कहा था कि सांसद ढुलू महतो और गैंगेस्टर प्रिंस खान के बीच गहरी दोस्ती है। जो भी सांसद के खिलाफ खड़ा होता है उसे प्रिंस खान का धमकी भरा फोन आ जाता है। उन्होंने इस कड़ी में जमशेदपुर के विधायक सरयू राय और धनबाद के कृष्णा अग्रवाल के नाम का भी जिक्र किया था।
दुबई में रहने का प्रिंस का दावा
प्रिंस खान और उसके गुर्गों के खिलाफ धनबाद, रांची और पश्चिम बंगाल पुलिस लगातार अभियान चला रही है। 50 से अधिक इसके गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दुबई से फरार होकर पाकिस्तान में रह रहा है। लेकिन विधायक अरूप चटर्जी को भेजे गए धमकी भरे मैसेज में उसने दुबई में रहने का दावा किया है।