गिरिडीह से परीक्षा देने आया था युवक, रिश्तेदार संग भटिंडा फॉल घूमने गया; मछली देखते समय पैर फिसला, डूबने से मौत
Dhanbad News: भटिंडा फॉल में घूमने आए एक युवक का पैर फिसलने से वह तेज पानी के बहाव में बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

युवक की डूबने की सूचना के बाद भटिंडा फाल के किनारे पुलिस और स्वजन। (फोटो जागरण)
HighLights
भटिंडा फॉल में पैर फिसलने से युवक डूबा।
गोताखोरों ने देर शाम शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने बरसात में सतर्क रहने की अपील की।
संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। मुनीडीह थाना क्षेत्र स्थित भटिंडा फाल में शुक्रवार को करीब तीन बजे घूमने आए तीन युवकों में से एक युवक का पैर फिसलने से तेज पानी के बहाव में बह गया। काफी मशक्कत के बाद देर शाम गोताखोरों के सहयोग से उसका शव निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का पहचान गिरिडीह जिला के सरिया के पिपराटांड़ निवासी 20 वर्षीय ओम प्रकाश पंडित उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
गोलू धनबाद में परीक्षा देने के लिए लोयाबाद पांच नंबर स्थित अपने फूफा बबलू पंडित के घर आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने फुफेरे भाई सुजल पंडित और उसके मित्र साहिल भुइयां के साथ भटिंडा फाल घूमने गया था।
फुफेरे भाई सुजल पंडित ने बताया कि तीनों घूमकर वापस लौट रहे थे। तभी पानी में मछली दिखाई देने पर गोलू उसे देखने के लिए किनारे पहुंचा। तभी उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। गोलू के शोर मचाने पर वहां मौजूद एक युवक उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी उसे नहीं बचा सका।
खबरें और भी
सुजल ने भी प्रयास किया, लेकिन तब तक गोलू गहरे पानी में समा चुका था। सूचना मिलते ही मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम शव को बाहर निकाला गया।
ओपी प्रभारी मनीता कुमारी ने बताया कि युवक भटिंडा घूमने आया था। पैर फिसल जाने से पानी में डूब गया । सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में जलप्रपात, नदी और अन्य जलस्रोतों के किनारे जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाएं।