गोमो में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
गोमो के ओवरब्रिज के नीचे स्थित इसराफिल इलेक्ट्रॉनिक दुकान में रविवार रात भीषण आग लग गई। इस घटना में नए-पुराने इन्वर्टर, स्टेबलाइजर सहित दो लाख रुपये स ...और पढ़ें

आग लगने के बाद दुकान से बचे हुए सामान को बाहर निकालता दुकानदार। (फोटो: जागरण)
HighLights
गोमो की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में रविवार रात लगी आग।
दो लाख से अधिक के इन्वर्टर, स्टेबलाइजर जलकर राख।
आग लगने का कारण अज्ञात, पुलिस को दी सूचना।
संवाद सहयोगी, जागरण, गोमो (धनबाद)। गोमो के ओवरब्रिज के नीचे स्थित इसराफिल इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में रविवार रात अचानक भीषण आग लग गई। इससे दुकान में रखे नए व पुराने इन्वर्टर, स्टेबलाइजर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। आग लगने से करीब दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
भुक्तभोगी दुकान संचालक इसराफिल अंसारी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह रविवार रात दुकान को सही-सलामत बंद कर घर चले गए थे। अहले सुबह करीब चार बजे आसपास के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के भीतर आग की लपटें उठ रही थीं। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दुकान का लोहे का दरवाजा किसी तरह खोला गया।
आग काफी तेज होने के कारण लोगों ने पानी और बालू की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
इसराफिल ने बताया कि ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए 17 पीस इन्वर्टर, 14 पीस स्टेबलाइजर, वॉल फैन, स्टैंड फैन, टुल्लू पंप मोटर, सीलिंग फैन सहित कई नए महत्वपूर्ण उपकरण जल गए। घटना में करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
तोपचांची थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, जबकि दुकान बंद करने से पूर्व बिजली का मुख्य स्विच बंद कर दिया गया था।