Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोमो से गया जाने से पहले ही थम गया ट्रेन मैनेजर का सफर, प्लेटफॉर्म पर मृत मिले

    By Manoj Kumar Swankar Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Thu, 26 Mar 2026 11:01 PM (IST)

    धनबाद के गोमो रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान 42 वर्षीय ट्रेन मैनेजर दीपक कुमार पासवान का निधन हो गया। उन्हें मालगाड़ी लेकर गया जाना था, लेकिन प्लेटफा ...और पढ़ें

    गोमो रेलवे थाना में पति के शव के साथ बिलखती पत्नी।

    गोमो रेलवे थाना में पति के शव के साथ बिलखती पत्नी।

    HighLights

    1. ट्रेन मैनेजर दीपक पासवान का ड्यूटी पर निधन।

    2. गोमो स्टेशन पर मालगाड़ी से पहले मृत मिले।

    3. हृदयगति रुकने से मौत की प्रारंभिक आशंका।

    संवाद सहयोगी, जागरण, गोमो (धनबाद)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन मैनेजर (गार्ड) 42 वर्षीय दीपक कुमार पासवान की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई, जिससे रेल महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल रेलवे चिकित्सक को बुलाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

    रेल थाना के सहायक उपनिरीक्षक एस. मुंडा तथा आरपीएफ के सहायक अवर निरीक्षक सुभाष यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए। मृतक गया जिले के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी प्रीति देवी अपने स्वजनों के साथ सुबह दीक्षाभूमि एक्सप्रेस से गोमो पहुंचीं।

    रेल थाना में शव देखते ही स्वजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पत्नी शव से लिपटकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की आंखें भी नम हो गईं।

    दीपक पासवान करीब 15 वर्षों से रेलवे सेवा में कार्यरत थे। गार्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार तथा ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के महासचिव डीबी दीन मौके पर पहुंचे और स्वजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।

    गार्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दीपक पासवान की ड्यूटी बुधवार-गुरुवार रात 2:15 बजे लगी थी। उन्हें गोमो से ‘महाक्रेक’ नामक मालगाड़ी लेकर गया की ओर जाना था। मालगाड़ी के ब्रेक वैन पर चढ़ने से पहले ही वे प्लेटफॉर्म संख्या चार की अप लाइन के पास गिरे हुए मिले।

    खबरें और भी

    चालक ने वॉकी-टॉकी और मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह ब्रेक वैन के पास पहुंचा, तो दीपक पासवान को मृत अवस्था में पाया।

    प्राथमिक आशंका है कि उनकी मौत हृदयगति रुकने से हुई है। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के महासचिव डीबी दीन ने कहा कि लगातार ओवरटाइम ड्यूटी के कारण रनिंग स्टाफ में हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। हाल ही में हीरोडीह निवासी ट्रेन मैनेजर मनोज कुमार की भी ड्यूटी के दौरान मौत हो चुकी है।

    ट्रेन मैनेजर हिमांशु कुमार, बैजू पासवान, दिलशाद अहमद, एस.के. राय, एन.के. गौतम, डी.के. दास सहित अन्य रेलकर्मियों ने दिवंगत सहकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित की।