Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोविंदपुर बाजार में जीटी रोड पर आवागमन बाधित, नागरिक समिति का NHAI के खिलाफ प्रदर्शन

    By Prem Kumar Singh Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Fri, 20 Feb 2026 06:40 PM (IST)

    Govindpur Nagrik Samiti Protest:धनबाद के गोविंदपुर बाजार में जीटी रोड पर एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण कट बंद होने से लोगों को सड़क पार करने में भारी प ...और पढ़ें

    एनएचएआइ के विरोध में गोविंदपुर में प्रदर्शन करते नागरिक समिति के लोग।

    एनएचएआइ के विरोध में गोविंदपुर में प्रदर्शन करते नागरिक समिति के लोग।

    HighLights

    1. जीटी रोड पर कट बंद होने से आवागमन में बाधा।

    2. प्रदूषण और दैनिक जाम से स्थानीय लोग परेशान।

    3. नागरिक समिति ने NHAI के जनविरोधी रवैये का विरोध किया।

    संस, जागरण, गोविंदपुर (धनबाद)। दिल्ली और कोलकाता को जोड़ने वाली मुख्य सड़क जीटी रोड (पहले एनएच-2, अब एनएच-19) पर धनबाद के गोविंदपुर बाजार में जाम एक बड़ी समस्या बन गई है। यहां एलीवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। इस बीच गोविंदपुर बाजार में जीटी रोड की दोनों लेन पर स्थित कट को बंद कर दिया गया है। इससे सड़क के इस पार से उस पार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

    गोविंदपुर बाजार क्षेत्र में जीटी रोड के दूसरी ओर पैदल पार करना भी लगभग बंद हो गया है। वैकल्पिक रास्ता दिए बिना घेराबंदी करने, बढ़ते प्रदूषण और प्रतिदिन लगने वाले जाम के विरोध में नागरिक समिति के नेतृत्व में गोविंदपुर बाजार के नागरिकों एवं व्यवसायियों ने शुक्रवार को सुभाष चौक पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया।

    समिति के पूर्व अध्यक्ष शरत दुदानी ने कहा कि एनएचएआई का रवैया जनविरोधी है। एलीवेटेड रोड निर्माण कंपनी को पर्याप्त सहयोग देने के बावजूद क्षेत्र में भारी प्रदूषण फैल रहा है। जीटी रोड पर रोज जाम लग रहा है और बाजार के लोगों के लिए पैदल सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया है। यदि बाजार क्षेत्र के लोगों को सड़क पार करने की सुविधा नहीं दी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

    समिति अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल ने कहा कि एनएचएआई नागरिकों के अधिकारों का हनन न करे। सड़क पार करने की सुविधा लोगों को मिलनी ही चाहिए। महिलाएं, बच्चे और बीमार लोग यदि पैदल सड़क पार नहीं कर सकेंगे तो तीन किलोमीटर घूमकर कैसे जाएंगे।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि गोविंदपुर बाजार में सरकारी अस्पताल, जैप वाहिनी-3, पोस्ट ऑफिस, बेसिक स्कूल, प्लस टू हाई स्कूल, सेठ सुखीराम विद्यालय, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, थाना, एलआईसी कार्यालय, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कार्यालय तथा कई सार्वजनिक और निजी बैंकों की शाखाएं जीटी रोड के दोनों ओर स्थित हैं। लोग अब तक पैदल सड़क पार कर इन स्थानों तक पहुंचते थे, लेकिन घेराबंदी कर आवागमन लगभग बंद कर दिया गया है।

    समिति उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल एवं सचिव संजय साव ने कहा कि इससे गोविंदपुर बाजार का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यदि ग्राहकों को पैदल पार करने का रास्ता नहीं दिया गया तो कई दुकानें बंद होने की नौबत आ सकती है। होली और ईद के बाजार में भी लोगों को भारी परेशानी होगी। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी से उचित व्यवस्था करने की मांग की।

    धरना-प्रदर्शन में ओमप्रकाश बजाज, सुमिता दास, वीरेंद्र रजक, जितेश जायसवाल, अशोक दत्ता, जयप्रकाश मिश्र, शैलेंद्र जायसवाल, सुरेश भगत, बबलू बिस्टू, तालेश्वर साव, राजा जायसवाल, याकूब अंसारी, विपिन रजक, मनोज अग्रवाल, विवेकानंद पांडेय, आदित्य अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, विनोद बर्मन, संजीव सिंह, आशीष मित्तल, हरीश अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, पंचानन महतो, अमित बजाज, राजा दास, सूरज प्रकाश, गोपाल महतो सहित कई लोग शामिल थे।

    अंत में संयुक्त हस्ताक्षरित आवेदन एनएचएआई अध्यक्ष को भेजा गया, जिसकी प्रति प्रोजेक्ट डायरेक्टर और ट्रैफिक डीएसपी को भी दी गई। आवेदन में कहा गया है कि गोविंदपुर के नागरिक एलीवेटेड रोड निर्माण कंपनी को सहयोग कर रहे हैं, लेकिन दुर्गापुर पीआईयू की लापरवाही और मनमानी के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

    निर्माण कार्य से भारी प्रदूषण फैल रहा है। सड़क पर धूल उड़ रही है और दोनों सर्विस लेन व मुख्य सड़क के किनारे धूल और बालू जमा हो गए हैं। इसकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। सर्विस लेन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे वाहन परिचालन में दिक्कत हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।