स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा की ओर IIT (ISM) का कदम, धनबाद में पहली बार किसी संस्थान को मिला पीएनजी कनेक्शन
Dhanbad News: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद जिले का पहला संस्थान बन गया है जहाँ पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन शुरू किया गया है।

पीएनजी आपूर्ति का उद्घाटन करते संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा। (फोटो सौजन्य)
HighLights
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद को मिला पहला पीएनजी कनेक्शन।
पीएनजी पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और किफायती ऊर्जा स्रोत।
सितंबर तक पूरे परिसर में कनेक्शन देने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, धनबाद। परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए IIT(ISM) Dhanbad जिले का पहला संस्थान बन गया है। जहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन शुरू किया गया है।
पीएनजी की आपूर्ति का औपचारिक उद्घाटन शनिवार को संस्थान के 150 क्वार्टर क्षेत्र, जिसे गिरिडीह रोड साइड (जीआर) के नाम से भी जाना जाता है में किया गया। पीएनजी आपूर्ति का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर संस्थान के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी, गेल गैस के प्रतिनिधि तथा परिसर के निवासी मौजूद थे। प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि इतने कम समय में आइआइटी आइसएएम में पीएनजी कनेक्शन शुरू होना संस्थान के लिए एक खास उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि यह धनबाद के लिए भी एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। पीएनजी न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर ईंधन है, बल्कि यह पारंपरिक एलपीजी सिलेंडरों की तुलना में अधिक सुरक्षित और किफायती भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल संस्थान के स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिसर के विकास के लक्ष्य के अनुरूप है।
संस्थान के रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय ने कहा कि पीएनजी परियोजना संस्थान की एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी पहल है, जिससे परिसर के निवासियों को काफी सुविधा मिलेगी। संस्थान में पीएनजी कनेक्शन देने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। शनिवार को 150 क्वार्टर, यानी गिरिडीह रोड साइड क्षेत्र में पीएनजी आपूर्ति शुरू की गई है।
इसके साथ ही करीब 180 क्वार्टर और अन्य स्टाफ क्वार्टरों में भी कनेक्शन देने का काम चल रहा है। सितंबर तक पूरे परिसर में पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद छात्रावासों और अन्य जरूरत वाले संस्थान के भवनों में भी पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। परिसर में कुल 647 से अधिक पीएनजी कनेक्शन दिए जाने की योजना है।
गेल गैस लिमिटेड, धनबाद के डीजीएम-सीजीडी प्रोजेक्ट (ओआईसी) तपन पालई ने आइएसएम में पीएनजी आपूर्ति शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि धनबाद में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उपयोग में आसानी, बेहतर सुरक्षा और एलपीजी सिलेंडर की तुलना में कम खर्च जैसे कई फायदे हैं।
IIT (ISM) Dhanbad goes green with PNG!
— IIT(ISM) (@IITISM_DHANBAD) August 29, 2026
IIT (ISM) Dhanbad becomes the first institution in Dhanbad district to receive a Piped Natural Gas (PNG) connection! In partnership with GAIL Gas Limited, the initiative kicked off at the GR residential quarters with plans to roll out over… pic.twitter.com/glMzsPxhTw
