JCECEB झारखंड पॉलिटेक्निक लेटरल एंट्री का रिजल्ट जारी, सेकंड ईयर में सीधे एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू
जेसीईसीबी ने डिप्लोमा प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (पार्श्विक प्रवेश) 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। सरकारी व निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में सीधे नामां ...और पढ़ें

झारखंड पॉलिटेक्निक लेटरल एंट्री का रिजल्ट जारी
HighLights
जेसीईसीबी ने डिप्लोमा पार्श्विक प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम जारी किया।
पॉलिटेक्निक संस्थानों में सीधे नामांकन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू।
प्रथम चरण की काउंसलिंग 24 जुलाई तक, द्वितीय चरण 1 अगस्त से।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (जेसीईसीबी) ने डिप्लोमा प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (पार्श्विक प्रवेश) 2026 का परीक्षाफल जारी कर दिया है।
इसके साथ ही सरकारी व निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा सिपेट के द्वितीय वर्ष-तृतीय सेमेस्टर में सीधे नामांकन के लिए प्रथम एवं द्वितीय चक्र की ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट जेसीईसीईबी डॉट झारखंड डॉट जीओवी डॉट इन (JCECEB.jharkhand.gov.in) पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। प्रथम चरण की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन एवं च्वाइस फिलिंग 24 जुलाई दोपहर तीन बजे तक होगी।
विकल्पों में संशोधन 24 को दोपहर तीन से मध्यरात्रि 12 बजे तक ही हो सकेगा। प्रोविशनल सीट अलाटमेंट लेटर 26 से 30 जुलाई के बीच जारी किया जाएगा।
दस्तावेज सत्यापन एवं संस्थानों में नामांकन 27 से 30 जुलाई तक होगा। द्वितीय चरण की काउंसलिंग के लिए रिक्त सीटों की सूची एक अगस्त को प्रकाशित होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं च्वाइस फिलिंग एक से चार अगस्त तक और अलाटमेंट लेटर एवं नामांकन छह से 11 अगस्त तक होगा।
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग शुल्क 400 रुपये
काउंसलिंग में शामिल होने के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-वन एवं बीसी टू वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये तथा एससी, एसटी एवं सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 250 रुपये का नॉन-रिफंडेबल शुल्क क्रेडिट-डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई माध्यम से देना होगा।
सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को एक हजार आंशिक नामांकन शुल्क जमा करके अपना सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करना अनिवार्य होगा।