झरिया में शराब विवाद में खूनी झड़प, दो घायल, एक की हालत गंभीर
झरिया के सब्जी बागान इलाके में शराब पीने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। ...और पढ़ें

SNMMCH में भर्ती घायल सोनू कुमार। (फोटोःजागरण)
HighLights
झरिया में शराब पीने के दौरान दो गुटों में झड़प।
पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट में दो युवक घायल।
एक युवक सोनू कुमार गंभीर, धनबाद अस्पताल रेफर।
संवाद सूत्र, लोदना (धनबाद)। झरिया थाना क्षेत्र के सब्जी बागान इलाके में आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के एक-एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सब्जी बागान इलाके में कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के अन्य लोग भी आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से मारपीट होने लगी।
इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 24 वर्षीय युवक सोनू कुमार पर कांच की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। बोतल लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इस मारपीट में दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल युवकों को तत्काल इलाज के लिए झरिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
घायल सोनू कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया। झरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है।