Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झरिया में रोज 200 हाइवा कोयले की हो रही चोरी, माफिया घराने पर सांसद ढुलू महतो का बड़ा आरोप

    Updated: Sun, 31 May 2026 09:50 PM (IST)

    Dhanbad MP Dhulu Mahto ने झरिया में कोयला चोरी, स्थानीय मजदूरों के रोजगार संकट और जबरन विस्थापन को लेकर बीसीसीएल व आउटसोर्सिंग कंपनियों पर तीखा हमला ब ...और पढ़ें

    लोदना क्षेत्र के जीनागोरा में जनसभा को संबोधित करते सांसद ढुलू महतो।(फोटोःजागरण)

    लोदना क्षेत्र के जीनागोरा में जनसभा को संबोधित करते सांसद ढुलू महतो।(फोटोःजागरण)

    HighLights

    1. सांसद ढुलू महतो ने कोयला चोरी, मजदूर विस्थापन पर हमला बोला।

    2. बीसीसीएल, आउटसोर्सिंग कंपनियों पर माफिया से मिलीभगत का आरोप।

    3. पुनर्वास बिना विस्थापन बर्दाश्त नहीं, मैनुअल लोडिंग बहाली की मांग।

    संवाद सूत्र, अलकडीहा (धनबाद)। झरिया क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियों की आड़ में कोयला चोरी, स्थानीय मजदूरों के रोजगार पर संकट और जबरन विस्थापन के मुद्दे पर सांसद ढुलू महतो ने बीसीसीएल और निजी कंपनियों पर तीखा हमला बोला है। लोदना क्षेत्र के जीनागोरा माड़ी गोदाम मोहल्ले में आयोजित जनसभा में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुनर्वास की समुचित व्यवस्था किए बिना गरीबों और स्थानीय लोगों को डराकर उजाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग प्रबंधन पर सीधा और तीखा हमला 

    कार्यक्रम में सांसद ढुलू महतो ने बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग प्रबंधन पर सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के पास स्थानीय मजदूरों से मैनुअल लोडिंग कराने के लिए कोयला नहीं है, लेकिन कुजामा परियोजना से रोजाना रात के अंधेरे में लगभग 200 हाइवा कोयला चोरी कर धड़ल्ले से तस्करी कराई जा रही है।

    उन्होंने कहा कि जिन लोडिंग प्वाइंटों पर ट्रकों में मैनुअल लोडिंग कर हजारों स्थानीय असंगठित मजदूर अपने परिवारों की आजीविका चलाते थे, उन्हें माफिया घराने के लोगों ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन के साथ मिलकर साजिश के तहत बंद करा दिया है। इसके कारण क्षेत्र के हजारों मजदूर भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।

    प्रभावित जनता से एकजुट होने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि यह माफिया घराना और उसके सिंडिकेट के लोग पहले गरीबों को उजाड़ते हैं और उनका रोजगार छीनते हैं, फिर सहानुभूति का नाटक करने तथा घड़ियाली आंसू बहाने उनके बीच चले आते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे मगरमच्छों से सावधान रहें और अपने हक व अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाएं।

    खबरें और भी

    कोई भी माफिया या प्रबंधन बाल भी बांका नहीं कर सकता

    उन्होंने कहा कि जब तक वह जनता के प्रतिनिधि के रूप में खड़े हैं, तब तक कोई भी माफिया या प्रबंधन उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता। रोजगार संकट से जूझ रहे असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर एक प्रतिनिधिमंडल तैयार करने की बात कही और कहा कि वह स्वयं इस प्रतिनिधिमंडल के साथ धनबाद के उपायुक्त से मुलाकात करेंगे तथा बंद पड़े लोडिंग प्वाइंटों पर दोबारा मैनुअल लोडिंग का काम शुरू कराने के लिए प्रशासनिक दबाव बनाएंगे।

    मौके पर सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र गुप्ता, अशोक साव, सुधीर पासवान, योगेंद्र यादव, अजय निषाद, सुनील पासवान, मुन्ना वर्मा, सुबोध पासवान, मो. गफ्फार अंसारी, उज्ज्वल मंडल, सोनू मल्लिक और बबलू दास उपस्थित थे।