विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झरिया में सड़क जाम हटाने पहुंचे एलबी सिंह के अंगरक्षकों पर हमला, कहासुनी के बाद मारपीट

By Sharwan Kumar Paswan Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sun, 15 Feb 2026 05:49 PM (IST)Updated: Mon, 16 Feb 2026 08:31 AM (IST)

LB Singh’s Bodyguards Assaulted Amid Street Tension: झरिया के जामाडोबा बाजार में शनिवार देर रात बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनी देवप्रभा ...और पढ़ें

HighLights

  1. जामाडोबा बाजार में निजी अंगरक्षकों और स्थानीय लोगों में झड़प।

  2. सड़क जाम हटाने के दौरान ऑटो चालक से मारपीट।

  3. आक्रोशित भीड़ ने आउटसोर्सिंग कंपनी के मालिक के अंगरक्षकों को घेरा।

संवाद सूत्र, जागरण, अलकडीहा (धनबाद)। Dhanbad Latest Update: झरिया के जामाडोबा बाजार में शनिवार देर रात उस वक्त रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब बीसीसीएल में आउटसोर्सिंग कंपनी देवप्रभा के संचालक एलबी सिंह के अंगरक्षकों और स्थानीय निवासियों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

सड़क जाम के दौरान हुई इस घटना में स्थानीय लोग अंगरक्षकों से भिड़ गए। कहासुनी होते-होते बात मारपीट तक पहुंच गई। घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, जामाडोबा बाजार में रोजाना की तरह शनिवार रात भी हाइवा परिचालन के कारण लंबा सड़क जाम लगा हुआ था।

इसी दौरान भौंरा की ओर से आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक एलबी सिंह अपने काफिले के साथ आ रहे थे। जाम में फंसने के बाद स्थिति को देखते हुए संचालक के निजी अंगरक्षक सड़क पर उतरे और जाम हटाने लगे। इसी क्रम में अंगरक्षकों और जामाडोबा बड़कीटांड निवासी एक ऑटो चालक के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि अंगरक्षकों ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी।

जैसे ही यह खबर स्थानीय निवासियों तक पहुंची, देखते ही देखते दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए। अपने क्षेत्र के चालक की पिटाई से आक्रोशित भीड़ ने आव देखा न ताव और आउटसोर्सिंग संचालक के अंगरक्षकों को घेर लिया। धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया।

इस दौरान बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और दोनों पक्षों के बीच भारी तनाव देखा गया। हालांकि जोरापोखर थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटना के बाद कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, लेकिन बाद में हालात सामान्य हो गए।

घटना की कोई जानकारी नहीं है। किसी ने थाने में लिखित शिकायत भी नहीं की है।-उदय कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी, जोड़ापोखर थाना