धनबाद में ट्रैफिक जाम हटाने के दौरान पुलिस की बर्बरता, 12 साल के बच्चे को पीटा
झरिया के चार नंबर स्टैंड पर ट्रैफिक जाम हटाने के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर ने 12 वर्षीय किशोर को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घट ...और पढ़ें

HighLights
झरिया में ट्रैफिक जाम हटाने के दौरान पुलिस ने किशोर को पीटा।
12 वर्षीय अंश सिंह गंभीर रूप से घायल, स्थानीय लोग आक्रोशित।
पिता ने आरोपी एसआई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।
संवाद सूत्र, लोदना। झरिया थाना क्षेत्र के चार नंबर में शुक्रवार की रात पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है। लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों का गुस्सा तब फूट पड़ा।
जब जाम हटाने पहुंचे झरिया थाना के एक सब-इंस्पेक्टर ने साइकिल से जा रहे एक 12 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात चार नंबर स्टैंड के पास भारी जाम लगा था।
इसी दौरान झरिया थाना के एक एसआई जाम हटाने पहुंचे। उसी समय टलीबांध निवासी बंटी सिंह का 12 वर्षीय पुत्र अंश सिंह अपनी साइकिल से वहां से गुजर रहा था।
किशोर को लाठियों से पीटा
आरोप है कि एसआई ने बिना किसी कारण के किशोर पर लाठियां चटका दीं। जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। बच्चे की पिटाई होते देख स्थानीय दुकानदार और राहगीर भड़क गए।
देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना पाकर बच्चे के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। लोगों का बढ़ता आक्रोश और हंगामा देख आरोपी पुलिस अधिकारी और उनके साथ मौजूद टीम धीरे से वहां से निकल गई।
घटना के बाद पिता बंटी सिंह अपने चोटिल पुत्र को लेकर झरिया थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मिलकर आरोपी एसआई की लिखित शिकायत की और सख्त कार्रवाई की मांग की।
बंटी सिंह ने कहा कि एक मासूम बच्चे को इस तरह पीटना पुलिस की संवेदनहीनता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झरिया में जाम की समस्या प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है।
लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी से इंदिरा चौक से झरिया शहर में चार पहिया वाहन ऑटो व टोटो के प्रवेश पर रोक के बावजूद दिन भर वाहन शहर के अंदर चलते रहते हैं। बाटा मोड़ से लेकर चार नंबर तक घंटों जाम लगा रहता है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे भारी वाहन
लोगों का आरोप है कि मिलीभगत के कारण नो-एंट्री में भी भारी वाहन धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे हैं। जिससे आम जनता त्रस्त है। झरिया थाना पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं। उचित कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने कहा कि झरिया में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के बजाय आम जनता और बच्चों पर बल प्रयोग करना पुलिस की छवि पर सवालिया निशान खड़ा करता है।