Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बैंक एजेंटों की बर्बरता से झरिया के दुकानदार की मौत, पुलिस की भूमिका से व्यापारियों में भारी रोष

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 01:19 PM (IST)

    Dhanbad News: झरिया में बैंक लोन वसूली के नाम पर कथित रिकवरी एजेंटों की बर्बरता से आहत दुकानदार सचिन केसरी की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। ...और पढ़ें

    बैंक एजेंटों को पकड़कर ले जाती झरिया पुलिस और मृतक सचिन केसरी (फाइल फोटो)।

    बैंक एजेंटों को पकड़कर ले जाती झरिया पुलिस और मृतक सचिन केसरी (फाइल फोटो)।

    HighLights

    1. झरिया में रिकवरी एजेंटों की मारपीट से दुकानदार की मौत।

    2. पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों एजेंटों को पूछताछ के बाद छोड़ा।

    3. व्यापारियों ने घटना के विरोध में बैठक बुलाई, आक्रोश व्याप्त।

    संवाद सूत्र, लोदना (धनबाद)। झरिया थाना क्षेत्र के अशोक रोड में बैंक लोन वसूली के नाम पर बर्बरता और मानसिक प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को एक बैंक का रिकवरी एजेंट बताने वाले युवकों की बदसलूकी और मारपीट से आहत स्थानीय दुकानदार सचिन केसरी की रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की रात मौत हो गई।

    घटना के बाद मंगलवार को जैसे ही सचिन का शव उनके झरिया कोयरीबान्ध स्थित आवास पर पहुंचा, पूरे इलाके में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी रूमा देवी और उनके 15 वर्षीय इकलौते पुत्र ओम केसरी सहित स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    स्वजनों ने बताया कि बैंक के नाम पर आए इन गुंडों ने हमारे हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। मेरे एक परिवार की जान चली गई है। हमारी मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए और हमारे परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। मृतक का अंतिम संस्कार मोहलबनी घाट पर किया गया। 

    पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को पूछताछ के बाद छोड़ा

    मौके पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को दोनों कथित बैंक एजेंटों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को पुलिस ने पकड़े गए दोनों रिकवरी एजेंटों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। सचिन केसरी की मौत के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

    खबरें और भी

    इस घटना के विरोध में झरिया के व्यापारियों ने बुधवार को एक बैठक बुलाई है। बैंक एजेंटों की मनमानी के खिलाफ आगे की उग्र रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

    किस्त के नाम पर दुकान में घुसकर किया था तांडव

    शनिवार को पांच युवक खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताकर अशोक रोड स्थित सचिन केसरी की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने महज एक महीने की किस्त बकाया होने की बात कहते हुए सचिन और उनकी पत्नी के साथ बदसलूकी व गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दंपति ने इस अभद्र व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने सचिन केसरी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनकी पत्नी से भी अभद्रता की।

    इस बर्बरता और अत्यधिक मानसिक तनाव के कारण सचिन केसरी को ब्रेन स्ट्रोक आ गया, जिससे उनकी स्थिति नाजुक हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत झरिया के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया था।

    यह भी पढ़ें- झरिया में निजी बैंक एजेंटों की बर्बरता: लोन रिकवरी के लिए दुकानदार को पीटा, पत्नी से अभद्रता; दो गिरफ्तार

    सोमवार को दो युवक दोबारा सचिन की बंद दुकान पर पहुंचे और वहां हंगामा करने लगे। इस पर स्थानीय दुकानदारों ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों युवकों को घेर लिया र इसकी सूचना तुरंत झरिया थाना पुलिस को दिया। पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों को अपने साथ थाना लाया था।

    पूर्व में भी झरिया में रिकवरी एजेंट की पिटाई से वृद्ध की हो गई थी मौत

    13 सितंबर 2024 को बैंक के रिकवरी एजेंट की पिटाई से झरिया राज ग्राउंड के समीप रहने वाले 65 वर्षीय बसंत दत्ता की मौत हो गई। उन्होंने या उनके स्वजन ने किसी बैंक से लोन नहीं लिया था। फिर भी वसूलने आए लोगों ने घर आकर गाली-गलौज व मारपीट किया था। इस संबंध में मृतक के पुत्र राहुल दत्ता ने झरिया थाने में शिकायत भी किया था।

    पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिना किसी ठोस अपराध और साक्ष्य के किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। जब भी पुलिस को आवश्यकता होगी बैंक कर्मी से पूछताछ किया जाएगा।- शशि रंजन कुमार, थाना प्रभारी, झरिया थाना ।