झारखंड में राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर: राज्य की 80% आबादी को मिलेगा मुफ्त राशन, जिलों का पूरा कोटा
झारखंड में 3.29 करोड़ की आबादी के लिए 2.64 करोड़ लोगों को राशन वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ...और पढ़ें

झारखंड में 2.64 करोड़ लोगों को मिलेगा राशन, 3.29 करोड़ आबादी के लिए लक्ष्य तय।
बलवंत कुमार, धनबाद। राशन कार्ड बनाने को लेकर राज्य के हर जिले में लंबी प्रतीक्षा सूची है। इसके बावजूद भी हर दिन लोग नए राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। हाल के दिनों में 25 लाख लोगों की प्रतीक्षा सूची समाप्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आदेश जारी किया गया था, वहीं अब एक नए आदेश के तहत राज्य भर में 2.64 करोड़ लोगों को राशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि राज्य की कुल आबादी 3.29 करोड़ है।
विभागीय आदेश के अनुसार राज्य की 80.10 प्रतिशत लोगों को राशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और पूर्वविक्ता प्राप्त गृहस्थ योजना (पीएचएच) राशनकार्डधारियों को शामिल किया गया है।
विभाग ने जिलावार लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी को सूची जारी कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक लाभूकों को नहीं जोड़ा जाएगा। यह तभी संभव है जब वहां रिक्तियां हों। जबकि गंभीर बीमारी और असाध्य रोगों से ग्रसित लोगों के लिए 100 रिक्तियां रखना अनिवार्य है।
इसके साथ ही प्रत्येक जिला आपूर्ति पदाधिकारी को यह आदेश दिया गया है कि वे प्रत्येक माह जारी किए गए राशनकार्ड की समीक्षा भी करें। उपरोक्त राशन वितरण लक्ष्य का निर्धारण वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार वर्ष 2020 में जारी आदेश के अलोक में किया गया है।
छह सालों में नहीं हुई बढ़ोतरी
विभागीय आदेश में बताया गया है कि वर्ष 2020 में विभाग की ओर से एक संकल्प जारी किया गया था। इसमें पीएचएच और एएवाई लाभूकों की कुल संख्या 2,64,25,385 थी। यही लक्ष्य छह साल बाद भी है। यानी इसमें अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। जो राशनकार्ड रद किए जा रहे हैं उन्हीं की जगह पर नए लाभूकों का राशनकार्ड बन रहा है।
राज्य सरकार से प्राप्त आदेश के आलोक में कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 24 हजार से अधिक राशनकार्ड को रद करने का कार्य प्रक्रियाधीन है। यह काम पूरा होते ही नए लाभूकों का राशनकार्ड जारी कर दिया जाएगा।
- पंकज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, धनबाद
यह है राज्य की जनसंख्या और राशन वितरण का लक्ष्य
| जिला | जनसंख्या | एएवाई | पीएचएच |
|---|---|---|---|
| बोकारो | 20,62,330 | 87,688 | 12,59,404 |
| चतरा | 10,42,886 | 1,55,240 | 7,33,711 |
| देवघर | 14,92,073 | 62,608 | 11,29,351 |
| धनबाद | 26,84,487 | 1,36,992 | 17,33,368 |
| दुमका | 13,21,442 | 1,98,244 | 9,21,373 |
| पूर्वी सिंहभूम | 22,93,919 | 2,35,484 | 14,26,152 |
| गढ़वा | 13,22,784 | 1,24,444 | 10,61,607 |
| गिरिडीह | 24,45,474 | 2,76,664 | 18,31,433 |
| गोड्डा | 13,13,551 | 1,13,932 | 9,91,565 |
| गुमला | 10,25,213 | 1,31,788 | 6,94,351 |
| हजारीबाग | 17,34,495 | 2,25,388 | 12,33,217 |
| जामताड़ा | 7,91,042 | 73,380 | 6,39,867 |
| खूंटी | 5,31,885 | 1,34,148 | 3,21,754 |
| कोडरमा | 7,16,259 | 68,141 | 4,66,120 |
| लातेहार | 7,26,978 | 58,164 | 6,23,931 |
| लोहरदगा | 4,61,790 | 56,740 | 3,72,710 |
| पाकुड़ा | 9,00,422 | 79,232 | 6,99,581 |
| पलामू | 19,39,869 | 1,88,740 | 16,40,186 |
| रामगढ़ | 9,49,443 | 85,312 | 5,16,203 |
| रांची | 29,14,253 | 4,22,392 | 15,63,684 |
| साहेबगंज | 11,50,567 | 1,62,500 | 7,88,774 |
| सरायकेला खरसावां | 10,65,056 | 1,37,920 | 7,47,361 |
| सिमडेगा | 5,99,578 | 69,632 | 4,89,679 |
| पश्चिमी सिंहभूम | 15,02,338 | 3,86,820 | 8,70,403 |
