विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में बन रहा समुद्री तूफान, झारखंड में 16 अगस्त तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Updated: Thu, 13 Aug 2026 07:40 AM (IST)

Dhanbad Weather Alert: धनबाद में अगले 3-4 दिनों तक गर्जन और आंधी के साथ बारिश की संभावना है, जिसके लिए 16 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी। (फोटोः जागरण)

बारिश के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी। (फोटोः जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद। धूप-छांव के बीच पूरे दिन मौसम रंग बदलता रहा। बादलों की आवाजाही के बीच शाम में हल्की बूंदाबांदी हुई। अब अगले तीन-चार दिन गर्जन और आंधी के साथ बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। 16 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम केंद्र रांची से जारी सूचना में बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर मध्य रात्रि या सुबह तक स्पष्ट लो प्रेशर के रूप में दिखेगा। उसके बाद अगले 24 घंटे के दौरान और ताकतवर होकर डिप्रेशन यानी समुद्री तूफान में तब्दील होने की संभावना है।

इसके असर से राज्य के कई हिस्से में तेज आंधी के साथ गर्जन और बारिश होगी। धनबाद से सटे बोकारो में अगले दो दिन भारी बारिश के आसार हैं।

अचानक जलस्तर बढ़ने से फ्लैश फ्लड का खतरा

तेज बारिश से नदी और जलाशयों का जलस्तर पर बढ़ने के कारण फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ का खतरा हो सकता है। निचले भागों में जलजमाव के साथ कच्चे मकान और कमजोर दीवारों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। दृश्यता कम होने से दुर्घटना की संभावना भी बढ़ सकती है।

वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी

मौसम बिगड़ने के दौरान वज्रपात का खतरा बढ़ सकता है। पिछले सप्ताह शहर में वज्रपात से एक युवक की जान जा चुकी है। ऐसे में सतर्कता बरतना बेहतर होगा।

मौसम विभाग ने भी इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। बिजली कड़कने के दौरान फर्श पर न लेटने, दीवारों से दूर रहने, इलेक्ट्रानिक उपकरणों को अनप्लग करने तथा जरूरी न होने पर बाहर न निकलने की सलाह दी है।