Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    बरसात के मौसम में खुजली से हैं परेशान? डॉक्टर से जानें समाधान

    By Mohan Kumar Gope Edited By: Krishna Parihar
    Updated: Wed, 30 Jul 2025 04:05 PM (IST)

    धनबाद में दैनिक जागरण के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जिम्मी अभिषेक ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने फंगल इन्फेक्शन और ...और पढ़ें

    बरसात के मौसम में खुजली की समस्या
    बरसात के मौसम में खुजली की समस्या

    जागरण संवाददाता, धनबाद। दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम हेलो डॉक्टर में बुधवार को चर्म रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जिम्मी अभिषेक शामिल हुए। उन्होंने दूरभाष पर दैनिक जागरण के पाठकों के सवालों के जवाब दिए। धनबाद के अलावा जामताड़ा, गिरिडीह और बोकारो के पाठकों ने भी सवाल पूछे।

    डॉ अभिषेक ने बताया कि बरसात के मौसम में फंगल इन्फेक्शन काफी तेजी से होते हैं। वहीं, सिर में डैंड्रफ के मामले भी तेजी से बढ़ते हैं। ऐसे में जरूरी है की बारिश में भीगने से सीधा बचा जाए। भीगे हुए जूते ना पहने। मोजे एक बार के बाद दोबारा नहीं पहने। नहाने के बाद शरीर सुख तौलिया से पोछ कर कपड़े पहनें।

    कोशिश करें की सूती कपड़े पहने। पॉलिएस्टर या तंग कपड़े का प्रयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शारीरिक प्रतिरोधक क्षमता कम है, ऐसे लोगों में फंगल इन्फेक्शन होने की आशंका पांच गुना ज्यादा होती है। बीपी और शुगर के मरीज को भी शारीरिक प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण चर्म रोग ज्यादा होते हैं।

    पाठकों ने पूछे ये सवाल

    बोकारो के सुजीत कुमार ने पूछा- मेरी वृद्ध माता जी को खुजली हो गई है, क्या करें?

    जवाब: वृद्धावस्था में कई प्रकार के चर्म रोग होते हैं। इसके साथ मौसम में नमी होने पर भी फंगल इन्फेक्शन बढ़ते हैं। ऐसे में खुजली वाले जगह पर कोई मॉइस्चराइजर क्रीम लगाएं। ग्लिसरीन युक्त साबुन का ही प्रयोग करें। अपने नजदीकी डॉक्टर को दिखाएं।

    सरायढेला के राजीव कुमार ने पूछा- शरीर में कई जगह पर चकत्ते हो गए हैं और खुजली भी हो रही है, कोई उपाय बताएं?

    जवाब: बारिश के पानी में भींगने से बचें। यदि भींग गए हैं तो अंडर गारमेंट को जरूर बदलें। गमछा अथवा तौलिया को एक बार ही शरीर सूखाने के काम में लाएं। अपनी गर्दन, थाई समेत अन्य अंगों को ड्राई रखें।

    मटकुरिया की काजल ने पूछा- मेरी उम्र 40 वर्ष की है, मुझे काफी थकान होती है और पेट में काफी गैस बनी रहती है, क्या करें?

    जवाब: थायराइड की जांच कराएं। अपनी दिनचर्या में बदलाव लाएं और संतुलित आहार लें। खाली पेट ज्यादा देर तक नहीं रहे। तनाव को दूर करने के लिए एक्सरसाइज अथवा प्राणायाम करें।

    जामताड़ा के राजीव शर्मा ने पूछा- शरीर पर बार-बार दाने हो जाते हैं और खुजली हो रही है। खासकर हाथ और पैरों में क्या करें?

    जवाब: अपनी एलर्जी की जांच कराएं। पानी में भीगने से बचें। खानपान में परहेज करें और अपने डॉक्टर से दिखाएं।

    गिरिडीह के संतोष मंडल ने पूछा- सिर में पिछले पांच साल से खुजली हो रही है, कई जगहों पर दिखाया, लेकिन आराम नहीं हो रहा है।

    जवाब: यह कई प्रकार के कारणों से हो सकते हैं। ज्यादा गंभीर है तो यह स्कैल्प सोरायसिस भी हो सकता है। इसके लिए किसी अच्छे चर्म रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।

    इन्होंने भी किया फोन

    संजय मंडल (पंचेत) , महेश प्रसाद (बरवाअड्डा), सौरभ शर्मा (झरिया), सुभाष कुमार (गोमो), सचिन उपाध्याय (तोपचांची), राज कपूर (नया बाजार), विजय सोनी (हाउसिंग कॉलोनी) आदि।