विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुवनेश्वर से गया के बीच सप्ताह में चार दिन चलेगी नई ट्रेन, संभावित टाइम टेबल जारी

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:56 PM (IST)

गया से भुवनेश्वर और सांतरागाछी के लिए जल्द ही दो नई ट्रेनें शुरू होंगी, जिनकी तैयारी पूर्व मध्य रेल मुख्यालय स्तर पर चल रही है।

भुवनेश्वर-गया के बीच चलेगी नई ट्रेन। (प्रतीकात्मक फोटो)

भुवनेश्वर-गया के बीच चलेगी नई ट्रेन। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. गया से भुवनेश्वर और सांतरागाछी के लिए नई ट्रेनें।

  2. सप्ताह में चार और तीन दिन चलेंगी ये ट्रेनें।

  3. रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद जल्द होंगी शुरू।

जागरण संवाददाता, धनबाद। जन्माष्टमी पर यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। गया से भुवनेश्वर और गया से सांतरागछी के बीच जल्द ही दो नई ट्रेनें चलेंगी। गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन और गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलेगी।

गया से भुवनेश्वर के बीच चलने वाली ट्रेन कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमो व खानूडीह होकर चलेगी। इससे बाघमारा क्षेत्र को गया और ओडिशा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। दूसरी ओर, गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस कोडरमा-गिरिडीह क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख कर चलाई जाएगी।

यह ट्रेन गया से कोडरमा, धनवार, न्यू गिरिडीह व महेशमुंडा होकर मधुपुर व आसनसोल के रास्ते सांतरागाछी तक चलेगी। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय स्तर पर इसकी तैयारी शुरू हो गई हैं। परिचालन के दिन और टाइम टेबल भी लगभग तय हो गया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी की मुहर लगते ही दोनों ट्रेनें पटरी पर दौड़ेंगी।

संभावित परिचालन के दिन व टाइम टेबल

- गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस एक्सप्रेस गया से प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार व शनिवार को दोपहर 2:30 पर खुल कर शाम 5:15 पर गोमो और अगले दिन सुबह भुवनेश्वर पहुंचेगी।

- भुवनेश्वर-गया एक्सप्रेस भुवनेश्वर से प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शनिवार व रविवार को रात में चलेगी। सुबह 8:05 पर गोमो और 11:45 पर गया पहुंचेगी।

- गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, गुरुवार व शनिवार को चलेगी। गया से शाम 7:20 पर खुल कर अगले दिन सुबह 5:45 पर सांतरागाछी पहुंचेगी।

- सांतरागाछी-गया एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को चलेगी। सांतरागाछी से सुबह 8:00 बजे खुल कर शाम 7:50 पर गया पहुंचेगी।