विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'जेलों तक आवाज जानी चाहिए...', बिना नाम लिए हेमंत पर PM Modi का बड़ा अटैक; इंडी गठबंधन को भी घेरा

Published: Fri, 01 Mar 2024 02:38 PM (IST)

PM Modi Speech पीएम मोदी ने संबोधन में भाजपा और कांग्रेस में फर्क बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मतलब ...और पढ़ें

'जेलों तक आवाज जानी चाहिए...', बिना नाम लिए हेमंत पर PM Modi का बड़ा अटैक
'जेलों तक आवाज जानी चाहिए...', बिना नाम लिए हेमंत पर PM Modi का बड़ा अटैक

जागरण संवाददाता, धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को झारखंड के धनबाद पहुंचे। यहां से उन्होंने लोकसभा चुनाव का आगाज कर दिया। पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पहुंचे। पीएम मोदी ने अपनी जनसभा में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई, साथ ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेल में बंद हेमंत सोरेन पर भी जमकर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी मोदी को आशीर्वाद देने के लिए तप रहे हैं, यह सौभाग्य है। जो यहां नहीं आएं हैं, उन तक भी मेरा प्रणाम पहुंचाएं। भारत माता की जय। जोर से बोलिए, जेलों तक भी आवाज जानी चाहिए, भारत माता की जय! (इशारा होटवार जेल में बंद हेमंत सोरेन की ओर था)।

'आप मुझे बताइए...'

प्रधानमंत्री ने भाषण की शुरुआत में कहा, "कभी-कभी मैं सोचता हूं पता नहीं कितने जन्मों का पुण्य होगा जो आप इतना प्यार, आशीर्वाद दे रहे हैं। आप मुझे बताइए आप जो मुझे इतना प्यार देते हैं तो आपके लिए शरीर का कण-कण, समय का पल-पल आपके लिए खपाऊंगा या नहीं। आप मान चुके थे सिंदरी कारखाना शुरू नहीं होगा। मोदी की गारंटी थी और उद्घाटन कर आपके पास आ रहा हूं।"

पीएम मोदी ने संबोधन में भाजपा और कांग्रेस में फर्क भी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मतलब है तेज विकास। कांग्रेस केवल घोटाला करना जानती है। धनबाद में भी सौभाग्य योजना से करीब एक लाख घरों में मुफ्त बिजली कनेक्शन लगा है। जहां से दूसरों की उम्मीद खत्म होती है, वहीं से मोदी की गारंटी शुरू होती है। देवघर में 2018 में एयरपोर्ट का शिलान्यास किया, 2022 में इसका लोकार्पण भी मैंने किया। देवघर एम्स का शिलान्यास और लोकार्पण भी आपके इस सेवक ने किया।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जबसे झामुमो, कांग्रेस की परिवारवादी सरकार बनी है, बदहाली बढ़ी है। तुष्टिकरण के चलते घूसपैठ बढ़ी है। लूट मची है, रंगदारी बढ़ी है। जेएमएम का मतलब है जम कर के खाओ। जनता का जो लूटा है लौटाना होगा, मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि ये लोग जांच से भाग रहे हैं। अपने कारनामे जानते हैं।

'आदिवासियों को वोट बैंक समझते हैं'

प्रधानमंत्री ने रैली में आदिवासियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को ये लोग वोट बैंक ही समझते हैं। परिवारवादी अपने ही परिवार के सोचते हैं। मोदी जो भी कर रहा आपके लिए, आपके बच्चों के लिए कर रहा है। ये झामुमो वाले अपने बच्चों की चिंता करेंगे आपकी नहीं। मोदी है, आपकी चिंता करेगा। मोदी जो योजना बनाता है आपके लिए, इंडी गठबंधन वाले अड़ंगा लगाते हैं। मुफ्त राशन योजना का भी इन लोगों ने विरोध किया।

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन की सरकार विकास विरोधी है। जनता विरोधी है। जबकि मोदी की कोशिश है, आपको सीधा लाभ पहुंचे। आयुष्मान योजना, किसान निधि, मनरेगा की मजदूरी सबको सीधे मिलती है। कोई बिचौलिया नहीं। इंडी गठबंधन के लोगों का कमीशन बंद हो गया है। इस लिए‌ पानी पी-पी कर गाली देते हैं, क्योंकि इनको कमीशन नहीं मिलता। जितना कीचड़ उछालेंगे, उतना कमल खिलेगा।

पीएम मोदी ने विजय संकल्प महारैली में कहा कि यह पंडाल छोटा पड़ गया है। पांच प्रतिशत ही अंदर हैं, 95 प्रतिशत बहार धूप में तप रहे हैं। इस तप को ब्याज समेत वापस करना मोदी की गारंटी है। मोदी का कण कण, हर पल आपके लिए है। मोदी की गारंटी में दम है, पूरा देश विश्वास करता है। मोदी का संकल्प है, विकसित भारत के लिए विकसित झारखंड। अंत में विशेष रूप से जो धूप में तप रहे हैं, सबका धन्यवाद करता हूं।

ये भी पढे़ं- PM Modi Dhanbad Visit: धनबाद से मतारी तक बिछेगी 28 किमी वैकल्पिक रेल लाइन, चंद्रपुरा तक जाने के लिए तीसरा विकल्प

ये भी पढ़ें- PM Modi Dhanbad Visit : लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में 'ट्रेन' को ग्रीन सिग्नल, इस सीट पर टिकी भाजपा की नजर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।