विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी-राहुल और हेमंत सोरेन धनबाद से फूंकेंगे झारखंड में चुनावी बिगुल, कोयलांचल पर टिकी रहेगी पूरे देश की नजर

Published: Thu, 18 Jan 2024 04:31 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन धनबाद से झारखंड में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। ...और पढ़ें

मोदी-राहुल और हेमंत सोरेन धनबाद से झारखंड में फूंकेंगे चुनावी बिगुल।
मोदी-राहुल और हेमंत सोरेन धनबाद से झारखंड में फूंकेंगे चुनावी बिगुल।

दिलीप सिन्हा, धनबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 15 दिनों में धनबाद से पूरे झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर बिगुल फूंकेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इसी दौरान धनबाद से चुनावी शंखनाद करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीति का केंद्र बिंदु कोयलांचल बनेगा। यहां राजनीतिक घमासान देखने को मिलेगा। इस कारण, पूरे देश की निगाहें कोयलांचल पर टिकी होगी।

कोयलांचल से चुनावी शंखनाद फूंकेंगे दिग्‍गज

सबसे पहले 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां जनसभा को संबोधित कर चुनावी बिगुल फूंकेंगे। मौका होगा हर्ल खाद कारखाना सिंदरी के उद्घाटन का। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चार फरवरी को यहां गोल्फ ग्राउंड में सभा के साथ चुनावी शंखनाद करेंगे।

मौका होगा पार्टी का स्थापना दिवस। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संभवत: नौ या दस फरवरी को धनबाद में जनसभा कर चुनावी बिगुल फूंकेंगे। मौका होगा भारत जोड़ो न्याय यात्रा। प्रधानमंत्री की सभा की तिथि में बदलाव हो सकता है।

14 लोकसभा सीटों को लेकर बिछ रही बिसात

झारखंड की 14 लोकसभा सीटों को लेकर एनडीए और आइएनडीआइए के बीच बिसात बिछ गई है। झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर कब्जा करने के लिए भाजपा ने ताकत झाेंक दी है।

इधर झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन जिसका नाम आइएनडीआइए है, इस बार आमने-सामने टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर रस्साकसी चल रहा है।

झामुमो इस बार अधिक सीटों पर दावा कर रही है। पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें तो राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से 11 पर भाजपा तथा एक पर उसकी सहयोगी आजसू कुल 12 सीटों पर इस गठबंधन ने कब्जा किया था।

वहीं कांग्रेस-झामुमो और राजद ने गठबंधन कर क्रमश: नौ, चार और एक सीट पर चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन ने कुल दो सीट जीता था। एक झामुमो और एक कांग्रेस ने खाते में आयी थी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में संभवत: छह फरवरी के बाद प्रवेश करेगी। रूट चार्ट अभी तैयार हो रहा है। नौ या दस फरवरी को यात्रा धनबाद में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी धनबाद में लोगों को संबोधित करेंगे। धनबाद, गिरिडीह, राजमहल, हजारीबाग, रांची, खूंटी, जमशेदपुर समेत आठ से दस लोकसभा क्षेत्रों में यह यात्रा जाएगी। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर झारखंड के लोगों में भारी उत्साह है- राजेश ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस।

लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को मात देने के लिए आइएनडीआइए एकजुट है। हम सिर्फ अपने दल के लिए नहीं बल्कि आइएनडीआइए के लिए चुनावी तैयारी कर रहे हैं। जहां तक झामुमो का सवाल है तो हम हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। गठबंधन की बैठक में हम अपनी बातों को रख चुके हैं। चार फरवरी को झामुमो के स्थापना दिवस पर प्रत्येक साल धनबाद में बड़ी सभा होती है। इस बार भी यह सभा होगी जिसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से संबोधित करेंगे- सुदिव्य कुमार सोनू, झामुमो विधायक गिरिडीह।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धनबाद से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर कब्जा करना हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री की धनबाद की सभा में धनबाद के अलावा गिरिडीह एवं कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होने पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की सभा की तैयारी में पूरी भाजपा जुट गई है। कार्यक्रम आते ही तीनों लोकसभा के प्रमुख नेताओं की बैठक धनबाद में की गई। प्रधानमंत्री सिंदरी में हर्ल कारखाना का उदघाटन करेंगे- प्रदीप वर्मा, महामंत्री प्रदेश भाजपा।

यह भी पढ़ें: कोयला कारोबारी अनिल गोयल व दीपक पोद्दार के 45 ठिकानों पर 30 घंटे से रेड जारी, नगद राशि तीन से बढ़कर हुई पांच करोड़

यह भी पढ़ें: Coal India में नौकरी का बंपर मौका, वैधानिक पदों में है काफी रिक्तियां; अब साल में दो बार होगा माइनिंग सरदार के लिए एग्‍जाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।