धनबाद में चल रहा धमकी का खेल, बदमाश प्रिंस खान ने पहले एसएसपी, फिर विधायक और अब सांसद को...
Prince Khan Threatens Dhanbad MP: दुबई से गिरोह चलाने वाला बदमाश प्रिंस खान अब धनबाद के सांसद ढुलू महतो को जान से मारने और रंगदारी की धमकी देने के माम ...और पढ़ें

बदमाश प्रिंस खान से मिली धमकी की जानकारी देते धनबाद के सांसद ढुलू महतो।
HighLights
प्रिंस खान ने सांसद ढुलू महतो को जान से मारने की धमकी दी।
सांसद ने गृह मंत्रालय और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अपराधी की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
डिजिटल डेस्क, धनबाद। Prince Khan Threatens Dhanbad MP: दुबई से अपने गिरोह का संचालन कर रहा वासेपुर का भगोड़ा बदमाश प्रिंस खान एक बार फिर चर्चा में है। उद्योगपतियों और कारोबारियों से रंगदारी मांगने के बाद अब जनप्रतिनिधियों को भी धमकाने लगा है। कुछ दिन पहले धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को चुनाैती दी थी। निरसा के विधायक अरूप चटर्जी को धमकी देने के बाद अब धनबाद के सांसद ढुलू महतो को भी धमकी देने का मामला सामने आया है।
प्रिंस ने जान से मारने की धमकी दी
भाजपा सांसद ढुलु महतो ने शनिवार को धनबाद सर्किट हाउस में कांफ्रेंस कर धमकी की जानकारी दी। उन्होंने कहा- एक जुलाई को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने और रंगदारी की धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार ऐसे कॉल आ चुके हैं। शुक्रवार शाम को भी एक विदेशी नंबर से कॉल आया। सांसद के अनुसार, दिल्ली जाते समय भी उन्हें धमकी मिली थी।
पुलिस के साथ ही गृह मंत्रालय से शिकायत
ढुलू महतो ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत केंद्रीय गृह मंत्री, धनबाद पुलिस और दिल्ली पुलिस को दी गई है। उन्होंने कहा कि अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि जब सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावी कार्रवाई करे, जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी।
सांसद ने निष्पक्ष जांच की मांग की
सांसद ने कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं और उनका किसी अपराधी या माफिया से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने धनबाद को अपराधमुक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाओं पर चर्चा होनी चाहिए, न कि बेवजह की बयानबाजी पर। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धमकी से धनबाद के विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे।
खबरें और भी
राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए
ढुलू महतो ने मांग की कि अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधियों को धमकी मिल रही है, तो राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- MLA अरूप चटर्जी को धमकी देना पड़ा भारी! दुबई में बैठा बदमाश प्रिंस खान के वासेपुर घर पर गरजा बुलडोजर
उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार प्रभावी कदम उठाती है, तो केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी और अपराधी को कहीं से भी पकड़कर लाया जाएगा।