Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झरिया विधायक रागिनी सिंह ने डीआरएम को सौंपा मांग पत्र, रेलवे सुविधाओं व विकास कार्यों पर दिया जोर

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 09:17 PM (IST)

    MLA Ragini Singh ने धनबाद मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात कर झरिया क्षेत्र की जनसमस्याओं और रेलवे विकास कार्यों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। ...और पढ़ें

    धनबाद डीआरएम को मांग पत्र सौंपती विधायक रागिनी सिंह।

    धनबाद डीआरएम को मांग पत्र सौंपती विधायक रागिनी सिंह।

    जागरण संवाददाता, झरिया। झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने क्षेत्र की जनसमस्याओं, यात्री सुविधाओं और रेलवे से जुड़े लंबित विकास कार्यों को लेकर धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

    उन्होंने झरिया व धनबाद क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। विधायक ने पुराने झरिया-घनुडीह रेलवे स्टेशन परिसर में आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव दिया।

    उनका कहना है कि वर्तमान झरिया चार नंबर बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या बनी रहती है। रेलवे परिसर में बस स्टैंड बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और रेलवे भूमि का सदुपयोग भी हो सकेगा।

    रागिनी सिंह ने झरिया से धनबाद तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि प्रतिदिन हजारों छात्र, कर्मचारी और व्यवसायी आवागमन करते है लेकिन सीधी रेल सुविधा नहीं होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।

    इसके अलावा उन्होंने धनबाद से बक्सर और बलिया तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई। विधायक ने धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, अंडरपास में स्ट्रीट लाइट, दोपहिया पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म संख्या 8 पर लिफ्ट संचालन तथा फुटओवर ब्रिज के विस्तार की मांग रखी।

    भाटडीह और जोड़ाफाटक क्षेत्र की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए उन्होंने सड़क निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था, बिजली आपूर्ति के लिए 11 केवी केबल की अनुमति तथा भाटडीह अंडरपास निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

    डीआरएम ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्रस्तुत सभी मांगों और प्रस्तावों की विभागीय स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, संतोष शर्मा, अवधेश राय थे।