आरएसपी कॉलेज बेलगड़िया का 8 करोड़ से होगा कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
Dhanbad News: झरिया से बेलगड़िया स्थानांतरित आरएसपी कॉलेज का 8 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं और प्रयोगशालाएं शामि ...और पढ़ें

राज शिव प्रसाद कालेज बेलगड़िया। (फाइल फोटो)
HighLights
बेलगड़िया आरएसपी कॉलेज का 8 करोड़ से होगा कायाकल्प।
आधुनिक प्रयोगशालाएं और शिक्षण उपकरण खरीदे जाएंगे।
उपायुक्त आदित्य रंजन कर रहे विकास कार्यों की निगरानी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झरिया से बेलगड़िया स्थानांतरित किए गए आरएसपी कालेज की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है। कालेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से व्यापक अपग्रेडेशन का कार्य कराया जाएगा।
इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रयोगशालाओं, शिक्षण उपकरणों और अन्य शैक्षणिक संसाधनों की खरीद की जाएगी। इस महीने के आखिर से विकास कार्य शुरू होगा और अक्टूबर तक कालेज का नया स्वरूप छात्रों को दिखने लगेगा। इससे कालेज की पुरानी रौनक फिर से लौटने के कयास लगाए जा रहे हैं।
धनबाद जिला प्रशासन इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। उपायुक्त आदित्य रंजन स्वयं विकास कार्यों की नियमित मानिटरिंग करेंगे, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे हो सकें।
प्रशासन का लक्ष्य है कि नए परिसर में छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि कालेज के विकास के लिए कई स्तरों पर पहल की जा रही है। भवनों का उन्नयन, कक्षाओं का आधुनिकीकरण, प्रयोगशालाओं का सुदृढ़ीकरण तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
साथ ही विभिन्न विषयों की पढ़ाई के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण और लैब की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि बेलगड़िया और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को इस कालेज के विकसित होने से काफी सुविधा मिलेगी।
उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे और उच्च शिक्षा के लिए आधुनिक माहौल मिलेगा।
फिर से लौटेगा कालेज का गौरव
आरएसपी कालेज धनबाद के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल है। वर्ष 1949 में स्थापित इस कालेज ने दशकों तक हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की है।
अब नए परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ इसका संचालन शुरू होने से कालेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और पहचान दोनों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।