Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झरिया में 64 करोड़ की लागत से बन रहे आरएसपी कालेज में रंगदारी के लिए हंगामा, काम बंद करने की धमकी

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 11:04 PM (IST)

    RSP College Jharia Construction: धनबाद के डिगवाडीह में 64 करोड़ रुपये के आरएसपी कॉलेज निर्माण स्थल पर 12-15 युवकों ने हंगामा कर काम रुकवा दिया और बाहर ...और पढ़ें

    आरएसपी कालेज निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए हंगामा के बाद दहशत में सुपरवाइजर और कर्मचारी। (फोटो जागरण)

    आरएसपी कालेज निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए हंगामा के बाद दहशत में सुपरवाइजर और कर्मचारी। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. आरएसपी कॉलेज निर्माण स्थल पर युवकों ने किया हंगामा।

    2. बाहरी मजदूरों को काम न देने की दी धमकी।

    3. पुलिस पहुंचने से पहले सभी युवक हुए फरार।

    संवाद सहयोगी, चासनाला (धनबाद)। सीआइएमएफआर डिगवाडीह के सामने बीसीसीएल के पुराने जीएम बंगले परिसर में निर्माणाधीन राजा शिव प्रसाद (आरएसपी) कालेज में गुरुवार की रात करीब नौ बजे 12 से 15 की संख्या में पहुंचे युवकों ने जमकर हंगामा किया। काम बंद करने की धमकी दी और पुलिस के पहुंचने से पहले ही निकल गए।

    युवकों ने निर्माण कार्य में लगे सुपरवाइजर व मशीन आपरेटरों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए काम बंद कराने की धमकी दी। करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर जोरापोखर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक सभी युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कर्मियों से पूछताछ की।

    निर्माण एजेंसी मेसर्स सुभाष सिंह चौधरी के सुपरवाइजर अखिलेश प्रसाद ने बताया कि लगभग 64 करोड़ रुपये की लागत से कालेज भवन का निर्माण होना है। घटना के समय वह जीएम बंगले के एक कमरे में थे। जहां पोकलेन, जेसीबी, एस्केलम व ट्रैक्टर के सात चालक व मशीन आपरेटर भी मौजूद थे।

    तभी 10-15 युवक वहां पहुंचे व गाली-गलौज करते हुए कहा कि यहां केवल लोकल लोग ही काम करेंगे, बाहरी मजदूरों से काम नहीं कराया जाएगा। जब तक हम नहीं कहेंगे, कोई काम शुरू नहीं होगा।

    सुपरवाइजर ने बताया कि जब उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो युवकों ने मोबाइल छीन लिया व वीडियो डिलीट करने के बाद वापस कर दिया। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों में भय का माहौल है।

    खबरें और भी

    जानकारों का कहना है कि युवकों ने रंगदारी के लिए हंगामा किया और काम बंद करने की धमकी दी। बहाना स्थानीय मजदूरों से काम का बनाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

    आरएसपी कालेज-2 का हो रहा निर्माण

    वर्ष 2017 में आग व भू-धंसान के खतरे के कारण आरएसपी कालेज को झरिया से बेलगढ़िया स्थानांतरित कर दिया गया था। स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद वर्ष 2019 में डिनोबली मोड़ के समीप बंद रोपवे की भूमि कालेज निर्माण के लिए आवंटित की गई थी।

    अब निर्माण कार्य शुरू होते ही हुई इस घटना ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था व निर्माण कार्य की निरंतरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।बीसीसीएल ने जुलाई माह में करीब ढाई एकड़ में फैले पुराने जीएम बंगले को खाली कराकर कालेज प्रबंधन को सौंपा था। जिसके बाद शैक्षणिक व प्रशासनिक भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ।