सावधान! धनबाद में साधु के वेश में घूम रहे ‘कालनेमि’, मंगलसूत्र चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, तीनों बिहार के
बरोरा थाना की पुलिस ने साधु के वेश में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

पकड़े गए ठगों के बारे में जानकारी देते बाघमारा डीएसपी अजित कुमार विमल और अन्य पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)
HighLights
साधु के वेश में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया।
पुलिस ने 12 घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा।
चोरी हुआ सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।
जागरण संवाददाता, बरोरा (धनबाद)। बरोरा थाना क्षेत्र के हरिणा कालोनी में साधु का वेश धारण (कालनेमि) कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उदभेदन कर लिया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 12 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
ठगों के पास से चोरी गया तीन ग्राम का सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। उक्त जानकारी बाघमारा डीएसपी अजित कुमार विमल ने प्रेस वार्ता कर दी।
दक्षिणा के बहाने बातों में उलझाकर उड़ाया था मंगलसूत्र
हरिणा कालोनी क्वार्टर संख्या सी-19 निवासी संजीव प्रसाद ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि 28 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे साधु के वस्त्र पहने दो व्यक्ति उनके घर पहुंचे। दक्षिणा मांगने के दौरान बातों ही बातों में उलझाकर वे करीब तीन ग्राम वजनी सोने का लाकेट (मंगलसूत्र) चुराकर चंपत हो गए।
पीड़ित के आवेदन पर बरोरा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद ग्रामीण एसपी के आदेश व बाघमारा डीएसपी के निर्देशन में कतरास अंचल निरीक्षक मो. रुस्तम एवं बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिणा क्षेत्र से तीन संदिग्ध बहुरुपिया साधुओं को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही पर चोरी का लाकेट बरामद हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत आमझौर थाना क्षेत्र के रकियान बिगहा निवासी सत्येंद्र लाठीर 44 वर्ष, सुमन कुमार 23 वर्ष तथा इंदल लाठीर 46 वर्ष के रूप में हुई है।
खबरें और भी
पुलिस टीम में कतरास अंचल निरीक्षक मो. रुस्तम, बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार, एसआई मनोज कुमार, एएसआई लालचंद राम एवं हवलदार शिवचंद्र यादव आदि शामिल थे।