Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Sansad Khel Mahotsav: चिटाही धाम में लगा फुटबाल के खिलाड़ियों का मेला, महिला वर्ग में धनबाद तो पुरुष वर्ग में बोकारो की टीम की जय-जय

    By Prabir Kumar Roy Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Fri, 26 Dec 2025 09:08 AM (IST)

    Dhanbad News: धनबाद में सांसद खेल महोत्सव का समापन हुआ, जिसमें भाजपा नेता करमवीर सिंह शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद, खेल प्रतियोगिताएं ...और पढ़ें

    सांसद खेल महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते कलाकार। ( फोटो-जागरण)

    सांसद खेल महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते कलाकार। ( फोटो-जागरण)

    HighLights

    1. सांसद खेल महोत्सव का समापन चिटाही फुटबॉल मैदान में

    2. झारखंड भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह थे मुख्य अतिथि

    जागरण संवाददाता, बरोरा (धनबाद)। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन गुरुवार को चिटाही फुटबॉल मैदान में हुआ। इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री करमवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।

    खेल प्रतियोगिता की शुरुआत से पूर्व मैदान में लगे विशाल एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन प्रसारित किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया तथा शांति के प्रतीक कबूतर और गुब्बारे आसमान में छोड़े गए।

    पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर भी माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया।

    अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया, जबकि आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। झारखंड की पारंपरिक छऊ नृत्य, आदिवासी कलश नृत्य और बैंड-बाजे की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद महिला एवं पुरुष वर्ग के फुटबॉल फाइनल मुकाबले खेले गए।

    महिला वर्ग में बोकारो और धनबाद की टीमों के बीच खेले गए फाइनल मैच में धनबाद की टीम ने एक-शून्य से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं पुरुष वर्ग में बोकारो की टीम ने धनबाद को एक-शून्य से पराजित किया। बोकारो की ओर से सत्यम ने निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई।

    महिला वर्ग में धनबाद की ओर से सुनीता टुडू ने गोल कर टीम को विजेता बनाया। कबड्डी प्रतियोगिता में धनबाद और बोकारो की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें धनबाद की टीम ने जीत हासिल की। वहीं महिला कबड्डी में बोकारो की टीम ने चंदनकियारी की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

    इसके अलावा वॉलीबॉल, खो-खो, कुश्ती, शतरंज, योग सहित कई अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर करमवीर सिंह ने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने का कार्य कर रहे हैं। गांवों में छिपी प्रतिभाओं को निखारना और खेलों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सांसद ढुलू महतो की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं एक खिलाड़ी की तरह दिखते हैं और खेलों के विकास में निरंतर सहयोग कर रहे हैं।

    सांसद ढुलू महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ी के लिए खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से गांव, गली और मोहल्लों में छिपी प्रतिभाएं सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की उदासीनता के कारण राज्य में खेलों का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है।

    पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाना है। उनका संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जाए।

    कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमर बाउरी, पूर्व सांसद पीएन सिंह, विधायक रागिनी सिंह, विधायक शत्रुघ्न महतो, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, सिंफर निदेशक एके मिश्रा, आईएसएम निदेशक विनय कुमार, पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, तारा देवी, सावित्री देवी, हरिप्रकाश लाटा, गणेश मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

    खबरें और भी