113 पद खाली, कैसे बढ़ेगी सीट? धनबाद SNMMCH में शिक्षकों की भारी कमी; NMC से 150 सीटों की मांग
धनबाद के एसएनएमएमसीएच में शिक्षकों के 113 पद खाली होने के कारण एमबीबीएस की 150 सीटों पर नामांकन की अनुमति मिलना चुनौतीपूर्ण हो गया है। ...और पढ़ें
-1785662631559_m.webp)
HighLights
एसएनएमएमसीएच में 113 शिक्षण पद खाली हैं।
150 एमबीबीएस सीटों की अनुमति पर संकट गहराया।
एनएमसी की मंजूरी का इंतजार, भर्ती प्रक्रिया जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में शिक्षकों की भारी कमी इस वर्ष एमबीबीएस की 150 सीटों पर नामांकन की राह में सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के लगभग 40 प्रतिशत पद खाली हैं। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ने नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) से एमबीबीएस की 150 सीटों के लिए अनुमति मांगी है।
मेडिकल कॉलेज में जल्द ही नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में अब सबकी निगाहें एनएमसी की अनुमति पर टिकी हैं। यदि आयोग से 150 सीटों की स्वीकृति मिल जाती है, तो विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा।
वहीं अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में इस वर्ष भी कॉलेज को 100 सीटों पर ही नामांकन करना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आरके महतो ने बताया कि एनएमसी की जवाब का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद आगे की तैयारी होगी। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में ऐडमिशन सेल गठित की गई है।

2008 से कमी, लेकिन अब तक नहीं पर्याप्त बहाली नहीं
चिंता जनक स्थिति यह है कि लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। वर्ष 2008-09 से लगातार रिक्त पदों की संख्या बढ़ती गई, लेकिन किसी भी सरकार ने स्वीकृत पदों को पूरी तरह भरने के लिए प्रभावी पहल नहीं की।
इसका सीधा असर मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता और सीटों की संख्या पर पड़ रहा है। यदि समय पर शिक्षकों की नियुक्ति होती तो सीटों में बढ़ोतरी का लाभ छात्रों को मिल सकता था।
स्वास्थ्य विभाग ने निकला विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अनुबंध के आधार पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से भी बहाली की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि नियुक्तियां कब तक पूरी होंगी, इस पर अभी कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई गई है।
पदों की स्थिति
| पद का नाम | कुल पद | भरे हुए पद | खाली पद |
|---|---|---|---|
| प्रोफेसर | 33 | 8 | 25 |
| एसोसिएट प्रोफेसर | 47 | 26 | 21 |
| असिस्टेंट प्रोफेसर | 83 | 16 | 67 |
| कुल योग (Total) | 163 | 50 | 113 |
इस बार 150 एमबीबीएस सीटों के लिए आवेदन किया गया है। अब नेशनल मेडिकल कमिशन की अनुमति का इंतजार है। शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया राज्य सरकार और जेपीएससी के माध्यम से चल रही है।
डॉ. रामकृष्ण महतो, प्राचार्य, शहीद निर्मल मोहतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद