GT Road पर राजगंज ओवरब्रिज के समीप भीषण सड़क हादसा, धनबाद के दो युवकों की दर्दनाक मौत
Dhanbad Road Accident: राजगंज ओवरब्रिज पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में धनबाद के पांडरपाला निवासी दो युवकों, ओसामा कुरैशी और श्यान तबरेज की मौत हो गई।

राजगंज में सड़क दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस और उपस्थित लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
राजगंज ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।
मृतकों की पहचान ओसामा कुरैशी और श्यान तबरेज के रूप में हुई।
बाइक टकराने के बाद अज्ञात वाहन ने कुचलकर मार डाला।
संवाद सूत्र, राजगंज (धनबाद)। Rajganj Road Accident: दिल्ली-कोलकाता जीटी रोड पर राजगंज ओवरब्रिज पर चालीबंगला के समीप सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान पांडरपाला बी. पोलिटेक्निक निवासी करीब 25 वर्षीय ओसामा कुरैशी और करीब 20 वर्षीय श्यान तबरेज के रूप में हुई है।
सूचना मिलने के बाद राजगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को हाईवे एंबुलेंस से एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया। दोनों के सिर और शरीर पूरी तरह कुचले हुए पाए गए।
घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। दोनों युवक हीरो मोटरसाइकिल पर सवार होकर तोपचांची से धनबाद जा रहे थे। तभी सामने जा रहे वाहन से बाइक टकरा गई। दोनों सड़क पर गिर गए।
शवों को देखने से अनुमान लगाया जा रहा है कि सड़क पर गिरने के बाद तेज गति से जा रहे किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। ओवरब्रिज एवं निर्जन स्थान पर हादसा होने के कारण घटना की जानकारी देर से हुई। पुलिस को सिर्फ सड़क हादसे की सूचना मिली थी, लेकिन स्थान की जानकारी नहीं दी गई थी।
इसके कारण खोजबीन करने में समय लगा। इस दौरान कई वाहन सड़क से गुजरते रहे। सूचना मिलने के बाद मृतक श्यान के स्वजन मौके पर पहुंच गए। उन्हें तस्वीर दिखाई गई, जिसके बाद उन्होंने नाम की पुष्टि की और मौके पर ही रोने-बिलखने लगे।
