यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Two Group Fight: झरिया में दो गुटों के बीच हिंसक भिड़ंत... गोलियां भी चली, पुलिस कर रही आरोपितों की तलाश
शुक्रवार रात झरिया थाना क्षेत्र के ऊपर कुल्ही-सिंदरी रोड पर दो गुटों के बीच भिड़ंत की खबर सामने आई। इस दौरान वहां जमकर मारपीट हुई और दो वाहनों में तोड ...और पढ़ें

HighLights
- वासेपुर के युवकों पर ऊपर कुल्ही-सिंदरी रोड निवासी ने लगाया हमला करने का आरोप
- आरोपितों ने कार व स्कूटी को किया क्षतिग्रस्त, आज सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी
जागरण संवाददाता, झरिया। Two Groups Fight In Jharia Dhanbad: झरिया थाना क्षेत्र के ऊपर कुल्ही-सिंदरी रोड पर शुक्रवार रात दस बजे दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। दो वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान एक गुट ने तीन राउंड गोलियां भी चलाईं। गोलीबारी होते ही दूसरे गुट के मो. मिस्टर व उसका बहनोई मो. इमरान जान बचाकर भागे।
उन्होंने झरिया थाने को सूचना दी। पुलिसकर्मी घटना स्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार व स्कूटी की जांच की। पुलिस खोखा की तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। विवाद का कारण पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है।
मो. मिस्टर ने पुलिस को ये बताया
मो. मिस्टर ने पुलिस को बताया कि घर के बाहर वह अपने भाई व बहनोई से बात कर रहा था। इसी बीच वासेपुर निवासी मो. मुजाहिद खान, झरिया निवासी शोएब, आमिर खान व अन्य काले रंग की कार से पहुंचे। उनलोगों ने गाली गलौज करते हुए मेरे बहनोई को पीटने लगे।
बीच बचाव करने पहुंचा तो मुझे भी पीटा। मो. मुजाहिद खान ने गोलियां चलाईं। उसने बताया कि मो. मुजाहिद कोयला का कारोबार करता है। कुछ माह पहले पुलिस ने उसकी कोयला लदी गाड़ी पकड़ ली थी। इसके एवज में वह मुझसे पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने के कारण उसने साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया।
शोर सुनकर लोगों में मच गई भगदड़
मो. मुजाहिद व उसके साथियों ने कार व स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचने लगे और भगदड़ मच गई। इसी बीच मुजाहिद व उसके साथी खोखा उठाकर कार से भाग गए। झरिया थाने की पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
खबरें और भी
आरोपितों की तलाश जारी
जिस जगह पर मारपीट हुई उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन रात में दुकान बंद होने से पुलिस फुटेज नहीं खंगाल पाई। पुलिस ने कहा कि शनिवार सुबह सीसीटीवी खंगाला जाएगा। आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही इसका उद्भेदन हो जाएगा। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। - शशि रंजन कुमार, झरिया थाना प्रभारी