विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में JPSC धांधली पर बाबूलाल मरांडी का अल्टीमेटम, CBI जांच नहीं हुई तो होगा जेल भरो आंदोलन

Published: Tue, 08 Sep 2026 03:28 PM (IST)

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में दुमका समाहरणालय का घेराव कर जेपीएससी-जेएसएससी नियुक्तियों में धांधली की सीबीआई जांच की मांग की।

मंगलवार को दुमका में भाजपा के जुलूस में शामिल बाबूलाल मरांडी, सुनील साेरेन, अभयकांत व अन्य।जागरण

मंगलवार को दुमका में भाजपा के जुलूस में शामिल बाबूलाल मरांडी, सुनील साेरेन, अभयकांत व अन्य।जागरण

HighLights

  1. बाबूलाल मरांडी ने नियुक्तियों की सीबीआई जांच की मांग की।

  2. आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की अपील।

  3. सरकार के खिलाफ 'जेल भरो आंदोलन' की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, दुमका। जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्तियों में कथित धांधली,नौकरी के नाम पर पैसों की वसूली और आंदोलन के बाद युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी को रद करने की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में समाहरणालय का घेराव किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने यज्ञ मैदान से जुलूस निकाला। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा। यहां पर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

समाहरणालय के मुख्य द्वार पर अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में पिछले पांच-छह वर्षों के दौरान हुई सभी नियुक्तियों की सीबीआइ जांच होनी चाहिए। पांच साल के दौरान सरकार ने नाैकरी दी नहीं बल्कि बेची है।

छात्र और नौजवान अपने हक-हकूक के लिए आंदोलन कर रहे थे। आंदोलनरत छात्रों ने किसी को गाली नहीं दी, इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए गए। पुतला दहन के दौरान झामुमो समर्थकों ने छात्रों के साथ मारपीट और लाठीचार्ज किया, लेकिन कार्रवाई पीड़ित और निर्दोष नौजवानों के खिलाफ की गई।

उन्होंने कहा कि भाजपा छात्र और युवाओं के साथ खड़ी है। सरकार को आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे बिना शर्त वापस लेना चाहिए। नियुक्तियों में गड़बड़ी के मामलों में सरकार केवल आईवाश कर रही है।

कई मामलों में अब तक चार्जशीट तक दाखिल नहीं की जा रही है और दलालों के माध्यम से केवल पैसे की वसूली कराई जा रही है। सीआइडी भी सरकार के इशारे पर काम कर रही है। झारखंड में नौकरी बेचने के लिए दलालों का नेटवर्क काम कर रहा है।

एक परीक्षा में तो 150 में से 135 उत्तर रटवाए गए। ऐसे मामलों की निष्पक्षता के लिए सीबीआइ जांच जरूरी है। यदि सरकार छात्रों और नौजवानों की मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। नियुक्तियों की सीबीआइ च नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा।

घेराव में सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा, अमिता रक्षित, सोनी हेंब्रम, रूपेश मंडल, पिंटू अग्रवाल, ओम केशरी, जयप्रकाश मंडल, मृणाम मिश्रा, ममता साह, नवल किस्कू, धर्मेंद्र सिंह व गायत्री जायसवाल आदि शामिल थी।

नौकरी बेचने वाली सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं: सुनील
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने गिट्टी और बालू बेचने के बाद नौकरी बेचने का काम किया है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। अब युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्य आरोपित आज तक बाहर : अभयकांत

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने कहा कि सरकार के इशारे पर निर्दोष नौजवानों पर प्राथमिकी दर्ज की ई, जबकि जिन लोगों पर आरोप हैं, वे बाहर हैं।

जेपीएससी के अध्यक्ष जेल में और साथ काम करने वालों पर अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। सरकार से आंदोलनकारी युवाओं पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लें। युवाओं के मुद्दे पर पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। यह आंदोलन को आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- फर्जी प्रमाण पत्र से आंगनबाड़ी सेविका बनी पूजा दास का चयन रद, दुमका के रानीश्वर BDO की कार्रवाई